
श्रीगंगानगर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) व अन्य क्रय एजेंसियां न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर जिले सहित राज्यभर में 10 मार्च से गेहूं खरीद शुरू करेंगी। इस बार खाद्य विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की कुछ मंडियों में गेहूं की हैंडलिंग (उठाव व भंडारण प्रबंधन) का कार्य व्यापारियों-आढ़तियों को सौंपने का निर्णय लिया है। अब तक यह जिम्मेदारी एफसीआई टेंडर के माध्यम से तय करता था। बदलाव को लेकर मंडियों में व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। जिले में इस सीजन करीब 6 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) श्रीगंगानगर को छोडक़र सादुलशहर, जैतसर, श्रीबिजयनगर, अनूपगढ़ और सूरतगढ़ मंडियों में नई व्यवस्था लागू होगी। निर्देशानुसार एक मंडी में एक से अधिक क्रय एजेंसियां खरीद कर सकेंगी तथा हैंडलिंग कार्य आढ़तियों के माध्यम से कराया जाएगा। इन मंडियों में आरएसएफसीएससी और एफसीआई गेहूं की खरीद करेंगी।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। केंद्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी 2585 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया है। खरीद 10 मार्च से 30 जून तक चलेगी। किसानों को एमएसपी पर फसल बेचने के लिए खाद्य विभाग, जयपुर के पोर्टल पर 1 फरवरी से 25 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा।
जिले में कुल 52 खरीद केंद्र तय किए गए हैं। इनमें एफसीआई के 24, तिलम संघ के 19, एनसीसीएफ के 2 और आरएसएफसीएससी के 7 केंद्र शामिल हैं। प्रशासन ने मंडियों में तौल, भुगतान, बारदाना, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में एडीएम (प्रशासन) सुभाष कुमार, एडीएम (सतर्कता) रीना, जिला रसद विभाग की पूजा अग्रवाल व भूपेन्द्र सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कृषि विपणन विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक महिपाल सिंह माली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
27 Feb 2026 12:49 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
