
फोटो पत्रिका नेटवर्क
सादुलशहर (श्रीगंगानगर)। शहर के वार्ड नं. 25 में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोनू (25) उर्फ सन्नी पुत्र राजकुमार सोलंकी की मौत हो गई।
परिजन ने एक महिला पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज करने व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह राजकीय उप जिला चिकित्सालय परिसर में माकपा नेता ताराचन्द सोनी व महेश खण्डा के नेतृत्व में धरना दिया। धरनार्थियों की मांग थी कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं हो जाता, तब तक पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बाद में समझाने पर लोग मान गए।
परिजन ने बताया कि युवक सादुलशहर की धान मण्डी में श्रमिक था। वह गत तीन दिनों से घर से लापता था। गुरुवार रात युवक को लिव-इन रिलेशन में रहने वाली महिला चिकित्सालय लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला चिकित्सालय से चली गई व रात 2.15 बजे परिजन सूचना पर चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
27 Feb 2026 07:20 pm
Published on:
27 Feb 2026 07:20 pm
