
श्रीगंगानगर.भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल होने जा रही है। शहर में करीब चार करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक साइकिल एवं रनिंग ट्रेक का निर्माण किया जाएगा। राज्य सरकार की श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। अब जिला परिषद जल्द ही प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराएगी।सीमावर्ती जिले में लंबे समय से युवाओं को खेल और फिटनेस से जोडऩे के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी सोच के तहत तैयार की गई यह परियोजना केवल रनिंग ट्रेक तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक आधुनिक फिटनेस कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां सुबह-शाम दौडऩे वाले,साइकिल चलाने वाले,वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।परियोजना पर एक करोड़ 75 लाख रुपए श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत तथा 2.25 करोड़ रुपए अभिसरण के माध्यम से यूआइटी की ओर से खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य जिला परिषद की ओर से कराया जाएगा। ट्रेक के साथ हरित क्षेत्र, विश्राम स्थल, बैठने की व्यवस्था, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे यह स्थान शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा।
जिला परिषद के एसीईओ हरिराम चौहान ने बताया कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण खेल एवं फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध होने पर वे सकारात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित होते हैं। यह ट्रेक केवल मॉर्निंग वॉक और रनिंग का स्थान नहीं होगा, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, खिलाड़ी, साइक्लिंग समूह और फिटनेस प्रेमियों को सुरक्षित, आधुनिक और सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा। साथ ही शहर में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।
"राज्य सरकार से इस परियोजना के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। अब प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।"
-गिरधर,आईएएस,मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, श्रीगंगानगर