
28 ने किया आवेदन, लॉटरी निकलेगी 28 को
श्रीगंगानगर।
राजस्थान कृषि प्रतिस्पर्धात्मक परियोजना (आरएसीपी) में मिनि ट्रैक्टर के लिए 28 दिसम्बर को लॉटरी निकाली जाएगी, इसके लिए 28 जनों ने आवेदन किया है।गत वित्तीय वर्ष परियोजना से जुड़े जेड वितरिका के किसानों को 10 मिनी ट्रैक्टर अनुदान पर उपलब्ध करवाए गए थे। चालू वित्तीय वर्ष में लक्ष्य बढ़ाने के बजाए आधा, यानि सिर्फ 5 टै्रक्टर कर दिया गया है। विभाग ने पात्र किसानों को 22 दिसम्बर तक पत्रावली जमा करवाने का कहा था। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक केशव कालीराना एवं आरएससीपी की नोडल अधिकारी प्रीति गर्ग ने लॉटरी के संबंध मेें तैयारी प्रारम्भ कर रखी है। इससे पूर्व सभी आवेदनों की जांच होगी, जो पात्र होंगे उन्हें लॉटरी की सूचना दी जाएगी।
हरिद्वार और दिल्ली इंटरसिटी घंटों लेट
श्रीगंगानगर. हरिद्वार और दिल्ली इंटरसिटी शनिवार को भी रात के बजाए सुबह श्रीगंगानगर पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। हरिद्वार इंटरसिटी रात 12.05 के बजाए सुबह 11.30 बजे श्रीगंगानगर पहुंची। इससे दिल्ली इंटरसिटी को 12.30 पर रवाना किया जा सका। जबकि, हरिद्वार इंटरसिटी को सुबह 11 बजे रवाना किया गया। दिल्ली इंटरसिटी के यहां पहुंचने का समय रात्रि 8.40 बजे है, जबकि ये तड़के 3.50 पर श्रीगंगानगर पहुंची।
मेडिकल कॉलेज की मांग पर धरना जारी
श्रीगंगानगर में सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर गोल बाजार स्थित अम्बेडकर चौक पर नौवें दिन भी धरना जारी रहा। श्रीगंगानगर में सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को पूरा करवाने के लिए शहर ही नही, अपितु गांवो के लोग भी धरनास्थल पर आकर अपना समर्थन दे रहे हैं। अनूपगढ़ विधानसभा क्षेत्र से शनिवार को धरनास्थल पर पहुंचे। । उन्होंने मेडिकल कॉलेज को जिले की मांग बताया। शनिवार को देवकरण नायक, बन्टी मौर्य, मोनू सहारण, रमेश नायक, मोहनलाल गुप्ता, बलवीर सोनी, अजायब ग्रेवाल, प्रेम कुमार, अनूपगढ़ से हेतराम ज्याणी आदि धरने पर बैठे।