
श्रीगंगानगर.
भारतीय चिकित्सा परिषद भंग करने के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर मंगलवार को हुई हड़ताल बेअसर नजर आई।निजी चिकित्सक एक तरफ तो हड़ताल पर होने का दावा करते रहे वहीं गंभीर रोगियों के नाम पर चिकित्सालय पहुंचे अधिकांश रोगियों की जांच भी की गई। पत्रिका टीम ने जब स्थिति का जायजा लिया तो शहर के कई निजी चिकित्सालयों ने चिकित्सकों ने डॉक्टर उपलब्ध होने की बात कहते हुए कहा कि यदि दिखाना जरूरी है तो दिखा दो डॉक्टर साहब चैक कर लेंगे। चिकित्सकों के इस दोहरे रवैये की पुष्टि इस बात से भी हुई कि शहर के तमाम बड़े निजी चिकित्सालयों में हड़ताल के बावजूद राजकीय जिला चिकित्सालय में दैनिक रोगियों की संख्या में बड़ा इजाफा नहीं हुआ। निजी चिकित्सकों ने दिन में न केवल रोगियों की जांच की बल्कि ग्रामीण इलाके से आने वाले अथवा कम गंभीर रोगियों को शाम छह बजे बाद जांच करने का आश्वासन दिया। हालांकि एक दो चिकित्सालय ऐसे भी थे जहां किसी भी स्थिति में शाम छह बजे के पहले उपचार नहीं करने की बात कही गई।
ये रहे हालात
पत्रिका संवाददाता ने मीरा मार्ग स्थित कई निजी चिकित्सालयों में रोगी के परिजन के रूप में संपर्क किया। स्टाफ ने रोगी की स्थिति पूछी। जब उन्हें बताया गया कि रोगी को डॉक्टर की जरूरत है तो स्टाफ ने चिकित्सक हड़ताल का हवाला देने की बजाय यही कहा कि जल्द से जल्द रोगी को ले जाएं। इसी प्रकार एक अन्य निजी चिकित्सालय में स्टाफ का कहना था कि हड़ताल तो है लेकिन अगर जरूरी है तो फिर चिकित्सक रोगी को देख ही लेंगे। इसी प्रकार एक अन्य चिकित्सालय में तो कुछ रोगी बैठे थे जिन्हें चिकित्सालय स्टाफ खुद डॉक्टर तक ले जा रहा था।
यहां नहीं बढ़े रोगी
शहर में बड़ी संख्या में निजी चिकित्सालय हैं। प्रत्येक में हर दिन रोगियों की भीड़ रहती है। ऐसे में यदि निजी चिकित्सक हड़ताल पर थे तो यह रोगी सरकारी चिकित्सालयों में पहुंचने चाहिए थे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राजकीय चिकित्सालय की ओपीडी में मंगलवार को 1824 रोगी पहुंचे । यहां लगभग प्रतिदिन की ओपीडी भी 1500 से दो हजार के बीच रहती है। ऐसे में इस ओपीडी पर असर नहीं होना भी निजी चिकित्सकों की हड़ताल बेअसर होने के दावे का समर्थन करता है।
यहां काली पट्टी बांधकर उपचार
वहीं राजकीय जिला चिकित्सालय में मंगलवार को चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर उपचार किया। अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ.पवन सैनी ने सोमवार को ही हड़ताल का समर्थन करते हुए चिकित्सकों के काली पट्टी बांधकर उपचार करने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया ।
चिकित्सकों ने की बैठक
वहीं दूसरी ओर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ.राजीव अग्रवाल ने विज्ञप्ति जारी कर मंगलवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कार्य बहिष्कार कर विरोध जताने की बात कही। उन्होंने बताया कि मंगलवार को देश के दस लाख चिकित्सकों ने काला दिवस मनाया। मंगलवार को आईएमए की स्थानीय इकाई की ओर से आईएमए भवन में बैठक भी हुई। इस संबंध में जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया। बैठक में शहर के प्रमुख चिकित्सकों ने भाग लिया।