
सादुलशहर (श्रीगंगानगर).
सादुलशहर के समीप पंजाब सीमा पर स्थित गांव दोदेवाला में तीन दिन पूर्व पेट्रोल पम्प पर हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात को पंजाब पुलिस ने सुलझा लिया है तथा प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें दो आरोपी सादुलशहर के हैं।यह उल्लेखनीय है कि पंजाब पुलिस ने शनिवार देर सायं सादुलशहर में दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया था। प्राप्त विवरण के अनुसार रविवार को अबोहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रैस कॉन्फे्रंस का आयोजन किया गया। जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केतन बलिराम पाटिल ने पूरी वारदात का खुलासा प्रैस के समक्ष किया तथा बताया कि गांव दोदेवाला के तिलक फिलिंग स्टेशन पर गत दिनों हुई 17 लाख रुपये की लूट की वारदात को अबोहर पुलिस ने 72 घंटों में ही सुलझा लिया है तथा घटना को अंजाम देने वाले युवकों को काबू कर उनके द्वारा घटना में प्रयोग किया गया सामान व लूटी गई रकम बरामद कर ली है।
एसएसपी डॉ. केतन बलिराम पाटिल ने बताया कि वारदात को दो कालेज छात्रों और पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि नवनीत गर्ग सादुलशहर का निवासी है तथा अबोहर के एक कालेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है।पूछताछ के दौरान पुलिस ने नवनीत के घर पर नोहरे में दबा कर रखे गये 15 लाख रूपये भी बरामद कर लिये हैं। जबकि विक्रम श्रीगंगानगर के खालसा कॉलेज का विद्यार्थी है। विक्रम ने ही देसी पिस्तौल का प्रबंध किया था और वारदात में गोली भी विक्रम ने ही चलाई थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जाएगी ताकि इस लूट के पीछे का उनका मकसद पता लगाया जा सके। पाटिल ने बताया कि एसपी इनवेस्टीगेशन फाजिल्का मुख्तयार सिंह के नेतृत्व में एसपी अबोहर अमरजीत सिंह सहित डीएसपी गुरबिंदर सिंह, थाना बहाववाला प्रभारीबचन सिंह, खुईयां सरवर प्रभारी बलविंदर सिंह, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज सज्जन सिंह की एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान उन्हें पता चला कि पंप पर सेल्समैन का कार्य करने वाले प्रवीण कुमार पुत्र अमीचंद निवासी सादुलशहर ने एक साजिश के तहत विक्रम सिंह व नवनीत पुत्र विष्णु कुमार के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
एक अन्य युवक की तलाश
इस घटना में शामिल एक अन्य युवक की तलाश भी पुलिस कर रही है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने इनसे पम्प से लूटी गई रकम में से 15 लाख की नगदी, एक रिवॉल्वर 32 बोर व 18 जिंदा कारतूस तथा स्पलैंडर बाईक बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि दोदेवाला स्थित तिलक फिलिंग स्टेशन पर हुई लूट के बाद थाना बहाववाला पुलिस ने पेट्रोल पम्प मालिक जीवन बांंसल पुत्र प्रीतम बांसल के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ भांदस की धारा 392, 394, आर्म एक्ट की धारा 25, 27, 54, 59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस इन आरोपियो से पूछताछ कर रही है कि आरोपियों ने वारदात मे प्रयुक्त हथियार कहां से खरीद व किन किन क्षेत्रों में इस प्रकार की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है। प्रैस कॉन्फ्रेंस में एसपी अबोहर अमरजीत सिंह, एसपीडी मुख्यतयार सिंह, एसपीएच विनोद चौधरी, डीएसपी गुरबिंदर सिंह, सीआईए स्टाफ इंचार्ज अंग्रेज कुमार, सीतो चौंकी इंचार्ज बलजीत सिंह, थाना बहाववाला के एसएचओ बचन सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।