
केसरीसिंहपुर.
कमीनपुरा शुगर मिल में सुचारू रूप से हो रही गन्ना आपूर्ति और लगातार चल रही मिल ने बुधवार को तीन लाख क्विंटल पेराई का आंकड़ा पार कर लिया है।जानकारी अनुसार मिल में दो लाख क्विंटल पेराई 16 जनवरी को हो गई थी अब महज आठ दिनों में ही मिल ने तीन लाख का आंकड़ा छू लिया है। मिल प्रबंधन के मुताबिक यदि मिल बिना रुके ऐसे ही चलती रही तो रिकवरी में भी सुधार आएगा। जानकारी अनुसार बुधवार को मिल में 3 लाख 2 हजार 700 क्विंटल गन्ने की पेराई कर ली थी वहीं मंगलवार तक मिल में एक दिन में पेराई का आंकड़ा औसतन 13 हजार 9 क्विंटल रहा है।
मिल में पेराई का काम तेजी से चलने के कारण अब तक 43 हजार 300 बैग चीनी के तैयार हो चुके हैं। जबकि रिकवरी का प्रतिशत 8. 15 आ रहा है, इसमें भी और सुधार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह से पहले तकनीकी खामियों और खराबियों के चलते मिल में पेराई कार्य लडखड़़ा गया था। प्रबंधन का मानना है कि 21 दिसंबर से शुरू हुए इस पिराई सीजन में 10 लाख क्विंटल गन्ना पिराई का लक्ष्य है, जिसे मिल के सही चलते रहने पर प्राप्त कर लिया जाएगा।
प्रतिदिन 30 हजार लीटर स्प्रिट का लक्ष्य
मिल में डिस्टलरी अगले सप्ताह तक शुरू होने के अनुमान है। इसकी तैयारी लगभग हो चुकी है। मिल के मुताबिक रेक्टीफाइड स्प्रिट( शोधित प्रासव) बनाने का काम अगले हफ्ते शुरू हो जाएगा। इस बार प्रतिदिन 30 हजार लीटर स्प्रिट तैयार करने का लक्ष्य मिल ने रखा है। यदि मिल इसी रफ्तार से चली तो मिल यह लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
कच्ची पोरी का गन्ना नहीं लाए काश्तकार
मिल में गन्ना पिराई तेजी से चल रहा है। प्रतिदिन का आंकड़ा 13 से 15 पेराई प्रति क्ंिवटल आ रहा है। डिस्टलरी को भी पूरी क्षमता से चलाने के प्रयास किए जांएगे। इसके अलावा गन्ना उत्पादक किसान कच्ची पोरी का गन्ना नहीं लाएं।
-डीएस कौशिक, उपमहाप्रबंधक, शुगर मिल, कमीनपुरा