श्री गंगानगर

तीन राज्यों की पुलिस, एक माह बीता और अंकित का सुराग नहीं

आए दिन हो रही उसके घर और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश
2 min read
demo pic
demo pic

श्रीगंगानगर.

जॉर्डन हत्याकांड और पंकज सोनी लूट व हत्या में वांछित लॉरेंस गैंग के कुख्यात शूटर अंकित भादू व उसके अन्य साथियों का एक माह बाद भी तीन राज्यों की पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जबकि उसके तीन साथ यहां पुलिस गिरफ्त में है और मुख्य साथी संपत नेहरा से हरियाणा पुलिस पूछताछ कर रही है। तीनों राज्यों की पुलिस संभावित ठिकानों पर आएदिन दबिश की कार्रवाई कर रही है।

शहर में मेटालिका जिम में 22 मई को जॉर्डन की ताबड़तोड़ गोलियां मार हत्या कर दी गई थी। पुलिस को कुछ देर बाद ही पता चल गया था कि इस वारदात को अंजाम देने वाले लॉरेंस गैंग के शूटर अंकित भादू व उसके साथी हैं। इनकी तलाश में टीमें भेजी गई और पंजाब व हरियाणा पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर सहयोग मांगा गया। मामला गंभीर होने पर एसओजी भी जांच में जुट गई। हनुमानगढ़ में प्रदेश के एडीजीपी, आईजी, एसओजी के आईजी, हरियाणा व पंजाब पुलिस के आईजी स्तर के अधिकारी सहित एक दर्जन से अधिक पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों की इंटरस्टेट मिटिंग हुई।

जिसमें लॉरेंस गैंग के शूटरों को पकडऩे व दूसरे को सूचना आदान प्रदान की बात हुई। इसके बाद तीनों राज्यों की पुलिस की दर्जनों से अधिक पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई में जुटी रही। इसमें हरियाणा पुलिस को पहले संपत नेहरा को हैदराबाद से पकडऩे में सफलता मिली और उससे पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस की मदद से श्रीगंगानगर पुलिस ने अंकित भादू के तीन साथियों को गिरफ्तार किया। जो यहां जवाहरनगर थाने में सात दिन से पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। पुलिस इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है लेकिन अभी तक अंकित भादू के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। तीनों राज्यों की पुलिस टीमें उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवार्र में जुटी है लेकिन अभी तक पुलिस को उसका सुराग नहीं मिल पाया है।

बहन की शादी में आ सकता आरोपी

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पंजाब के शेरेवाला में अंकित भादू का परिवार रह रहा है। जहां पुलिस की दबिश के दौरान पता चला है कि उसकी बहन की शादी होने वाली है। पुलिस को उसके अपनी बहन की शादी में आने की संभावना है। इसके लिए पुलिस ने जाल फैला दिया है। संभावित ठिकानों पर सादावर्दी में श्रीगंगानगर व पंजाब पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

Published on:
24 Jun 2018 07:41 pm