श्री गंगानगर

दर्दनाक हादसा: पटरी पर गिरी बीमार पत्नी को उठाने गया तो ट्रेन से दोनों कटे, गांव में मचा कोहराम

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Sri Ganganagar

श्रीगंगानगर। सदर थाना इलाके में कालूवाला के समीप 15 एमएल कॉलोनी में रविवार शाम को पटरी पर गिरी बीमार पत्नी को उठाने के दौरान दोनों की ट्रेन से कटने के कारण मौत हो गई। घटनास्थल पर ट्रेन नहीं रुकी और उसे काफी आगे जाकर रोका गया।

हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपती के शवों के टुकड़े उठवाकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में भिजवाए। मृतकों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।

मृतकों के परिजनों ने बताया कि कालूवाला के समीप 15 एमएल कॉलोनी निवासी मनोहरी देवी (40) पत्नी हंसराज को उल्टी-दस्त लगे हुए थे। शाम करीब पांच-छह बजे वह शौच के लिए रेलवे पटरी पार करके दूसरी तरफ गई थी।

सूचना मिलने पर उसका पति हंसराज (42) भी वहां पहुंच गया। घर लौटते समय मनोहरीदेवी पटरी पर गिर गई। बीमार पत्नी को पटरी पर गिरते देख हंसराज उसे उठाने के लिए दौड़ा।

पह पटरी पर पहुंचा था कि इसी दौरान ट्रेन आ गई और चपेट में आने से दोनों कट गए। आसपास के लोग जमा हो गए और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। इस हादसे के बाद ट्रेन मौके पर नहीं रुकी और काफी आगे चली गई।

घटना की सूचना गार्ड ने स्टेशन अधीक्षक को दी। स्टेशन अधीक्षक ने जीआरपी को सूचित किया। बाद में मौके पर सदर थाने के उप निरीक्षक देवीलाल मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों के टुकड़ों को उठवाकर राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

Published on:
05 Aug 2018 09:44 pm