श्री गंगानगर

छात्रों से खाली करवाया लैपटॉप से भरा ट्रक

शिक्षा विभाग की ओर से श्रीगंगानगर जिले के लिए 704 लैपटॉप की आपूर्ति मल्टीपर्पज स्कूल में की गई।

2 min read

श्रीगंगानगर.

काम सहायक कर्मियों का और करवाया स्कूली बच्चों से, ये हालात हैं शिक्षा विभाग के। मामला जिला मुख्यालय स्थित राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपर्पज) का है। मंगलवार दोपहर पौने दो बजे कक्षा आठवीं, दसवीं और बारहवीं टॉपर विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप की आपूर्ति हुई। शिक्षा विभाग की ओर से श्रीगंगानगर जिले के लिए 704 लैपटॉप की आपूर्ति मल्टीपर्पज स्कूल में की गई। इस कार्य के लिए मल्टीपर्पज स्कूल के अलावा अन्य स्कूलों के सहायक कर्मियों की लैपटॉप उतारने के लिए ड्यूटी लगाई गई, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने लैपटॉप सहायक कर्मचारियों से उतरवाने के बजाय स्कूली बच्चों से उतरवाए।

बच्चे यहां पढ़ाई करने के बजाय एक से डेढ़ घंटा तक लैपटॉप उतारने में जुटे रहे और इन लैपटॉप को एक हॉल में रखा। इसकी सूचना मिलने पर मीडियाकर्मी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। इस बीच शिक्षा विभाग ने मीडियाकर्मियों से फोटो करने से भी रोक दिया। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ने इस कार्य के लिए एक नोडल अधिकारी प्रधानाचार्य जितेंद्र असीजा को नियुक्त कर रखा है। मोटासर खूनी स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक शर्मा को लैपटॉप वितरण व्यवस्था के लिए ड्यूटी लगाई गई है। नोडल अधिकारी की अनुपस्थिति में यह कार्य स्कूल की व्याख्याता मधु भाटिया देख रखी थी।


लैपटॉप की होगी सुरक्षा
नोडल अधिकारी का कहना है कि मल्टीपर्पज स्कूल में विभाग ने जिलेभर के 704 लैपटॉप एक हॉल में रखवाए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से इनकी निगरानी के लिए 24 घंटे एक-एक सहायक कर्मचारी की ड्यटी लगाई गई है। इसके अलावा जिला पुलिस अधीक्षक से दो कांस्टेबल की ड्यूटी सुरक्षा के लिए लगाई गई है।


हालांकि मुझे जानकारी नहीं है मैं जयपुर आया हुआ हूं। लैपटॉप की आपूर्ति हो चुकी है। इस कार्य को वरिष्ठ अध्यापिका मधु भाटिया काम देख रही हैं। बच्चों से लैपटॉप उतरवाने की मुझे कोई जानकारी नहीं है।
जितेंद्र असीजा, प्रधानाचार्य, राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीगंगानगर।

Published on:
21 Feb 2018 09:19 am
Also Read
View All