कस्बे के वार्ड दस में दो दिन से बंद एक घर के ताले तोडकऱ चोर स्वर्णाभूषण सहित नकदी चुरा ले गए।
जैतसर (अनूपगढ़). कस्बे के वार्ड दस में दो दिन से बंद एक घर के ताले तोडकऱ चोर स्वर्णाभूषण सहित नकदी चुरा ले गए। घटना की जानकारी पीडि़त परिवार को सोमवार शाम करीब छह बजे घर पहुंचने पर मिली, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को जानकारी दी। जानकारी के अनुसार वार्ड दस निवासी अनिल मंगवाना शनिवार दोपहर को अपना उपचार करवाने परिवार सहित श्रीगंगानगर गए हुए थे, जहां उन्हें दो दिन लग गए। सोमवार शाम करीब छह बजे परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ था एवं कमरे में रखी आलमारी व बैड में रखा सामान बिखरा हुआ था, जिसके बाद अनिल मंगवाना ने चोरी की सूचना पुलिस एवं आस-पड़ौस में दी। चोरी की जानकारी मिलते ही भाजपा मण्डल अध्यक्ष अशोक गोयल, कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण गोयल सहित वार्डवासी पीडि़त परिवार से मिलने पहुंचे। हवलदार महेन्द्र बरावड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे एवं परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर मौका निरीक्षण किया।
अनिल मंगवाना ने बताया कि उनकी पुत्र वधु के करीब बीस तोले के स्वर्णाभूषण सहित घर में रखी नकदी की चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार चोरों ने संभवत: शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि को घटना को अंजाम दिया है। पुलिस पड़ौस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। (प.सं./नं.सं.)