
श्रीगंगानगर। जिले के नई मंडी घड़साना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया है। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को मोटरसाइकिल सहित नहर में फेंक दिया था, लेकिन पुलिस की सघन जांच के आगे उनका षड्यंत्र ज्यादा दिन नहीं टिक सका। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को नई मंडी घड़साना थाने में कृष्णलाल निवासी चक 04 जेडडब्ल्यूएम ने रिपोर्ट दी कि उसका 35 वर्षीय पुत्र भजनलाल घड़साना जाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
नहर में मिली लाश से खुला राज
2 फरवरी 2026 को जिला फलौदी के नोख थाना क्षेत्र में नहर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर शिनाख्त करवाई गई, जिसमें मृतक की पहचान भजनलाल के रूप में हुई। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण व हत्या का मामला दर्ज कर जीरो नंबर एफआईआर नई मंडी घड़साना थाने को भेजी गई। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाकर अग्रिम जांच शुरू की गई। नई मंडी घड़साना थाने में मुकदमा संख्या 44/2026 धारा 103(1) व 238ए के तहत दर्ज कर जांच उप निरीक्षक रामेश्वरलाल को सौंपी गई।
तकनीकी साक्ष्यों से जुड़ी कड़ियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर रायसिंहनगर के पर्यवेक्षण में और वृताधिकारी अनूपगढ़ के निर्देशन में थानाधिकारी देवीलाल सहारण के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की मोटरसाइकिल 465 हैड के पास नहर से बरामद की। जांच में घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को संदेह मृतक की पत्नी पर गया। गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि भजनलाल की पत्नी इन्द्रा देवी ने अपने प्रेमी प्रभूदयाल (31) निवासी चक 04 जेडडब्ल्यूएम के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इन्द्रा और प्रभूदयाल ने मिलकर भजनलाल की हत्या की। वारदात के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को मोटरसाइकिल सहित रात के अंधेरे में 465 हैड के पास इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया गया, ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी जैसा लगे। पुलिस ने आरोपी प्रभूदयाल और इन्द्रा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में सहयोग करने वाले एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
Published on:
16 Feb 2026 01:53 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
