
हत्यारोपी सचिन (फोटो- पत्रिका)
अबोहर (श्रीगंगानगर): शहर के मलोट रोड स्थित एक होटल में तीन दिन पहले नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में आरोपी सचिन ने पुलिस रिमांड के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यह वारदात प्रेम में धोखा मिलने और मन में पैदा हुई नफरत के चलते की।
नगर थाना नंबर एक में पूछताछ के दौरान सचिन ने कहा कि उसे हत्या का कोई अफसोस नहीं है। यह कदम उसने प्रेम में धोखा देने की सजा के रूप में उठाया। आईटीआई कर चुके सचिन रामकोट गांव के गरीब परिवार से है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। वह अबोहर की गौशाला के पास स्पेयर पार्ट की दुकान पर मैकेनिक का काम करता था।
सचिन के अनुसार, करीब एक साल पहले उसकी पहचान गौशाला में सेवा करने वाले परिवार की लड़की से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। वह उससे शादी करने को तैयार था, लेकिन दो महीने पहले लड़की ने कहा कि वह शादी नहीं कर सकती और किसी अन्य लड़के से दोस्ती कर रही है।
सोशल मीडिया पर लड़के की तस्वीरें दिखाने से सचिन को आघात लगा। उसने प्रपोज-डे के दिन वारदात की साजिश रची। घटना से एक दिन पहले उसने बाजार नंबर-4 के पास एक दुकान से कुल्हाड़ी खरीदी। वारदात वाले दिन उसने लड़की को वैंलेनटाइन सरप्राइज देने के बहाने बुलाया।
दुकान मालिक की स्कूटी लेकर उसे पार्क के पास पिक किया और दोनों बस स्टैंड के नजदीक होटल में रूम लेने गए। रूम न मिलने पर मलोट रोड स्थित पंजाब होटल में शाम लगभग पांच बजे कमरा किराए पर लिया।
कमरे में पहुंचते ही उसने लकड़ी को चेन पहनाने के बहाने झुकने पर बैग से कुल्हाड़ी निकाली और तीन वार कर हत्या कर दी। खून सनी कुल्हाड़ी को बैग में डालकर वह फरार हो गया। रास्ते में उसने अपने छोटे भाई राहुल को फोन कर हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 16 फरवरी तक रिमांड पर लिया है।
Updated on:
15 Feb 2026 12:11 pm
Published on:
15 Feb 2026 12:11 pm
