
श्रीगंगानगर.
शहर के राजकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि मंगलवार को है। अंतिम तिथि में एक दिन शेष रहते डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में तो निर्धारित स्थानों से अधिक आवेदक कतार मेंं हैं । कला और विज्ञान में तो प्रवेश के लिए तमाम प्रयास कर रहे हैं, वहीं गोदारा महाविद्यालय में आवेदन कम आए हैं।
कला में मारामारी
राजकीय महाविद्यालयों को देखें तो यहां सबसे ज्यादा मारामारी कला संकाय मेंप्रवेश के लिए नजर आ रही है। डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 560 सीटों के लिए 701 आवेदक आ गए हैं वहीं गोदारा कॉलेज में निर्धारित स्थान से तो कम आवेदन हैं लेकिन संख्या यहां भी 405 तक पहुंच गई है। वहीं विज्ञान संकाय में डॉ.भीमराव अंबेडकर कॉलेज में 70 स्थानों के लिए 196 आवेदन आ गए हैं वहीं गोदारा कॉलेज में बीएससी गणित में 70 स्थानों के लिए 44, बीएससी जीव विज्ञान में 140 स्थानों के लिए 55 और बीएससी गृहविज्ञान में 70 स्थानों के लिए सात आवेदन आए हैं।
यह है स्थिति
डॉ. बीआर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय
कक्षा स्थान आवेदक
बीएससी प्रथम वर्ष 70 196
बीए प्रथम वर्ष 560 740
बी कॉम 240 124
चौ. बल्लूराम गोदारा राजकीय महाविद्यालय कक्षा स्थान आवेदक
बीकॉम प्रथम वर्ष 160 44
बीएससी प्रथम वर्ष गणित 70 44
बीएससी प्रथम वर्ष जीव विज्ञान 140 55
बीएससी प्रथम वर्ष गृह विज्ञान 70 07
बीए प्रथम वर्ष 640 405
मिल रहे हैं आवेदन
हमारे कॉलेज में प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी कतार में हैं। कला और विज्ञान प्रथम वर्ष में तो निर्धारित स्थानों से कहीं अधिक विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं वहीं वाणिज्य में यह संख्या अपेक्षाकृत कम है।
-डॉ.राम राजावत, प्राचार्य, डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, श्रीगंगानगर
बढ़ रही है संख्या
हमारे यहां अभी निर्धारित स्थानों से तो कम आवेदन हैं लेकिन प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं आवेदन कर रही हैं। कला संकाय मेंं आवेदकों की सबसे ज्यादा संख्या है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून है।
-डॉ.प्रदीप मोदी, प्राचार्य, चौधरी बल्लूराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय, श्रीगंगानगर