
Sriganganagar Railway Track Blast: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के आरोपी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह का एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें दोनों वारदात से पहले एक डेयरी बूथ पर सिगरेट पीते और एक-दूसरे के मुंह से धुआं खींचते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 2 नवंबर का है, जिसे डेयरी पर मौजूद एक ग्राहक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने से पहले इलाके में रेकी की और वारदात से एक दिन पहले होटल में ठहरे थे। पुलिस की पूछताछ में उनकी निशानदेही पर रामसिंहपुर क्षेत्र में दो और आईईडी बरामद हुए हैं। इससे जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन विस्फोटकों को किन संभावित वारदातों के लिए छिपाया गया था और इस साजिश में उनके साथ कौन-कौन शामिल था।
जांच में सामने आए वीडियो के अनुसार, महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह 2 नवंबर को सूरतगढ़-विजयनगर मार्ग स्थित एक डेयरी बूथ पर पहुंचे थे। यहां दोनों ने सिगरेट पी। वीडियो में महकदीप हाथ में सिगरेट लेकर धुआं उड़ाती दिखाई दे रही है, जबकि देवेंद्र भी सिगरेट पीते हुए बार-बार अपने बाल संवारता नजर आ रहा है। दोनों एक-दूसरे के मुंह से धुआं खींचते भी दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि डेयरी पर जाने से पहले दोनों एमआर होटल में कमरा लेकर अपना सामान रख चुके थे। वापस लौटने के बाद उन्होंने खाना खाया और उसी कमरे में रात बिताई। अगले दिन 3 नवंबर को दोनों होटल से निकले और रेलवे ट्रैक पर आईईडी लगाने की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में होटल का रिकॉर्ड आरोपियों तक पहुंचने की अहम कड़ी बना। दोनों ने होटल में ठहरने के दौरान अपनी असली पहचान के दस्तावेज जमा करवाए थे। इलाके के होटल और धर्मशालाओं की जांच कर रही पुलिस को इन्हीं दस्तावेजों से उनके बारे में सुराग मिला।
इसके बाद श्रीगंगानगर पुलिस ने एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई की और पंजाब के गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद नौ दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच एजेंसियां उनके नेटवर्क और अन्य संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रही हैं।
एटीएस एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, महकदीप कौर का करीब दो साल पहले करण नाम के युवक से विवाह हुआ था। छह महीने बाद 24 दिसंबर 2024 को दोनों का तलाक हो गया। फरवरी 2025 में करण हेरोइन तस्करी के मामले में जेल चला गया। महकदीप जब उससे मिलने जेल पहुंची तो करण ने उसे पाकिस्तान में बैठे 'लवली' नाम के तस्कर का नंबर दिया था।
इसके बाद महकदीप की बातचीत लवली के जरिए शाह नाम के व्यक्ति से हुई। आरोप है कि शाह ने उसे पैसों का लालच दिया और अपने प्रभाव में लेकर रेलवे ट्रैक पर धमाका करने की साजिश में शामिल कर लिया। महकदीप ने अपने साथ देवेंद्र को भी जोड़ लिया। दोनों स्कूल में साथ पढ़ते थे और रिलेशनशिप में थे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, शाह ने वीडियो कॉल के जरिए दोनों की बात पाकिस्तान में बैठे अपने चाचा से करवाई। आरोप है कि चाचा ने उन्हें रेलवे ट्रैक पर आईईडी लगाने का काम सौंपा और शाह ने वीडियो कॉल पर टाइम बम सेट करने तथा ब्लास्ट करने की ट्रेनिंग दी।
इस मामले में सबसे अहम खुलासा आरोपियों की पूछताछ के बाद हुआ। पुलिस दोनों को लेकर रामसिंहपुर क्षेत्र पहुंची तो उन्होंने झाड़ियों की ओर इशारा करते हुए बताया कि वहां बम छिपाकर रखे थे। आरोपियों ने पुलिस अधिकारियों से कहा, 'साब, इन झाड़ियों में छुपाया था बम।'
इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दो अतिरिक्त आईईडी बरामद हुए। एक ही क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर धमाके के अलावा अन्य विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अब इस आशंका की भी जांच कर रही हैं कि आरोपियों के निशाने पर कोई दूसरी जगह या वारदात तो नहीं थी।
रामसिंहपुर ब्लास्ट की जांच में 12 अक्टूबर 2026 की एक अन्य घटना भी महत्वपूर्ण हो गई है। इस दिन रावला क्षेत्र के गांव 12 केपीडी में खानुवाली पोस्ट से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में पाकिस्तानी ड्रोन से गिराए गए तीन पैकेट बरामद हुए थे। इनमें 7.750 किलो आरडीएक्स और विदेशी हथियार मिले थे।
इस मामले में जलालाबाद निवासी सुखविंदर सिंह और फिरोजपुर निवासी लखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जांच में खेप को पंजाब के कुलवंत सिंह उर्फ सुख्खा की ओर से पाकिस्तानी हैंडलर के माध्यम से मंगवाए जाने की बात सामने आई थी।
हालांकि, एटीएस एडीजी दिनेश एमएन ने पहले रावला में मिली आरडीएक्स की खेप और रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की थी। अब रामसिंहपुर क्षेत्र में दो और आईईडी मिलने के बाद जांच एजेंसियां विस्फोटकों की उपलब्धता, आरोपियों के संपर्कों और सीमावर्ती इलाके में उनकी गतिविधियों की नए सिरे से पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि 3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले में गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट से रेलवे लाइन के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी गठित की थी। जांच में एटीएस, एनआईए और सीआईडी सहित अन्य एजेंसियां भी जुटी हैं।
अब महकदीप और देवेंद्र से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के अलावा इस साजिश में स्थानीय स्तर पर किसने मदद की, विस्फोटक कहां से आए और रामसिंहपुर क्षेत्र में छिपाए गए अन्य आईईडी का इस्तेमाल कहां किया जाना था।