राज्य

अजीबोगरीब मामला, पेट में ‘बच्चा’ लेकर पैदा हुआ नवजात, डॉक्टर बोले- लड़का स्वस्थ है

Fetus in Fetu case Maharashtra : 32 वर्षीय गर्भवती महिला के कोख में पल रहे बच्चे के पेट में भ्रूण पाया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि यह अत्यंत दुर्लभ स्थिति है जिसमें एक विकृत भ्रूण दूसरे भ्रूण के शरीर में स्थित होता है।

2 min read
Feb 03, 2025

दुनिया में ऐसे कई ‘चमत्कार’ हो रहें हैं जिन पर आसानी से यकीन नहीं किया जा सकता है। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र (Maharashtra) के बुलढाणा (Buldhana News) से सामने आया है। जहां एक बच्चे का जन्म हर तरफ चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, उक्त बच्चे का जन्म किसी चमत्कार से कम नहीं है, क्योंकि उसके पेट में भ्रूण (Fetus) है। डॉक्टरों ने बताया कि नवजात स्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है।

हाल ही में 32 वर्षीय गर्भवती महिला की सोनोग्राफी में पता चला था कि उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण के अंदर एक और भ्रूण पल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि यह बेहद ही दुर्लभ मामला है। भ्रूण के अंदर एक विकृत भ्रूण का आना बहुत ही असामान्य है।

इस मामले का पता तब चला जब 35 सप्ताह की गर्भवती महिला कुछ दिन पहले नियमित जांच के लिए बुलढाणा जिला महिला अस्पताल आई। अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ प्रसाद अग्रवाल के मुताबिक, ‘भ्रूण में भ्रूण’ दुर्लभतम मामला होता है और यह स्थिति पांच लाख में से एक में पाई जाती है। अब तक पूरे विश्व में ऐसे केवल 200 मामले ही सामने आए हैं और वे भी प्रसव के बाद ही पता चले है। इनमें से भारत में 10-15 मामले पाए गए हैं।

महिला को सुरक्षित प्रसव और आगे की प्रक्रिया के लिए छत्रपति संभाजीनगर के एक चिकित्सा केंद्र में रेफर किया गया। 1 फरवरी को ऑपरेशन के जरिये महिला ने बेटे को जन्म दिया।

सिविल सर्जन डॉ भागवत भुसारी ने बताया कि शनिवार को बुलढाणा जिला महिला अस्पताल में विशेषज्ञ टीम ने ऑपरेशन किया और लड़के का जन्म हुआ। नवजात को अमरावती रेफरल सेंटर में भर्ती कराया गया... नवजात को सबसे अच्छा इलाज दिया जाएगा। वह स्वस्थ है।

Updated on:
03 Feb 2025 11:25 am
Published on:
03 Feb 2025 11:24 am
Also Read
View All

अगली खबर