
सुलतानपुर. 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का दौर जारी है। वहीं सुलतानपुर से एक पूर्व विधायक भी दूसरे दल में जाने की तैयारी में था, जिसकी भनक लगते ही भाजपा से उसे निष्कासित कर दिया गया। हम बात कर रहे हैं पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
महेंद्र नाथ पांडेय ने किया पार्टी से बाहर-
पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह सुलतानपुर में होने वाली बहुजन समाज पार्टी की रैली की तैयारियों में जुटे थे और जिले में बसपा के होर्डिंग व पोस्टर लगवा रहे थे। यह रैली जिले में 2 दिसम्बर यानी रविवार को होनी तय है और इसी रैली में वो पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसकी जानकारी होने पर उन्हें तत्काल पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। ऐसे में अब सोनी सिंह का बसपा में जाने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं उनके अलावा वर्तमान जिला पंचायत सदस्य और उनके भाई मोनू सिंह भी बसपा ज्वाइन करेंगे।
2007 में पहली बार बने विधायक-
वर्ष 2007 में चंद्रभद्र सिंह ने सपा के सिम्बल पर इसौली विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बने, दो साल बाद 2009 में सपा से इस्तीफा देकर चन्द्रभद्र बसपा में शामिल हो गये। इसौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में चन्द्रभद्र ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की। वहीं साल 2012 में इंद्रभद्र ने बसपा से नाता तोड़ पीस पार्टी के बैनर तले सुलतानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, जबकि उनके छोटे भाई यशभद्र सिंह मोनू ने इसौली से विधानसभा चुनाव लड़ा। इस चुनाव में दोनों को हार मिली।