
सुलतानपुर. व्यापारी को लूटने की फिराक में बैठे पत्रकार हत्याकांड के शातिर अपराधी समेत चार अन्य अपराधियों को क्राइम ब्रांच व इलाकाई पुलिस ने असलहों के साथ धर दबोचा। सरगना ने पूछताछ में ब्लाक प्रमुख व दुकानदार के हत्या की सुपारी लेने की बात बतायी। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी ने 15 हजार की इनाम की घोषणा किया है।
"पत्रकार हत्याकांड का आरोपी साथियों संग चढ़ा पुलिस के हत्थे, उगले कई राज"
क्षेत्राधिकारी नगर श्यामदेव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच व कुड़वार थाने की पुलिस को सूचना मिली कि लखनऊ हाईवे रोड पर सहाबागंज स्थित पुलिया के पास कुख्यात अपराधी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए योजना बना रहे थे। हरकत में आयी पुलिस मौके पर पहुंच गयी और कुड़वार के मनियारपुर निवासी हैदर अब्बास उर्फ गब्बर, करौंदीकला के देवराजपुर निवासी धीरज उपाध्याय उर्फ साधू, दोस्तपुर थाना के बहोरापुर निवासी सौरभ सिंह और प्रतापगढ़ जिले के अंतू निवासी सूरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पिस्टल और कट्टा बरामद हुआ।
"शातिर अपराधी ने उगले सनसनी खेज राज, हो जाती प्रमुख की हत्या"
सीओ नगर श्यामदेव ने बताया कि हैदर अब्बास शातिर अपराधी है। पत्रकार करूण मिश्र हत्याकांड में शामिल था। इसने अगस्त महीने में साथी शुभम सिंह के साथ कुड़वार रोड पर सिंह ट्रेडर्स के मालिक को हत्या की नीयत से गोली मारी थी। कई क्षेत्रों में लूट की घटना को भी अंजाम दे चुका है। आने वाले दिनों में एक ब्लॉक प्रमुख और एक व्यवसाई की हत्या की सुपारी ले रखी थी।
"पुरस्कृत हुए पुलिस टीम के अधिकारी"
शातिर अपराधियों को वारदात के पहले गिरफ्तार करने वाले क्राइम ब्रांच प्रभारी आजाद केसरी, कुड़वार थानाध्यक्ष नंदकुमार तिवारी व उनकी टीम को एसपी अमित वर्मा ने 20 हजार रूपए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। सीओ ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश सरगर्मी से चल रही है।