कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को सोनभद्र जाने से रोकने और हिरासत में लिए जाने से नाराज कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट गेट के सामने मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया।
सुल्तानपुर. कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को सोनभद्र जाने से रोकने और हिरासत में लिए जाने से नाराज कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट गेट के सामने मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। सोनभद्र के उमभा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए 11 लोगों की मौत के बाद पीड़ितों से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को शुक्रवार की दोपहर मिर्जापुर जिला प्रशासन ने हिरासत में ले लिया। इससे पूर्व वाराणसी ट्रामा सेंटर से प्रियंका का काफिला जैसे ही मिर्जापुर के रास्ते सोनभद्र रवाना हुआ वैसे ही नारायणपुर के पास उनको रोक दिया गया। इसी मामले से आक्रोशित कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट के सामने मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता ने दिया बयान-
कांग्रेस नेता अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में आये दिन हत्या, लूट, बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हो रहे हैं और प्रदेश सरकार उसे रोकने में नाकाम साबित हो रहा है और कोई उन पीड़ितों के दुःख के समय में ढाढस बंधाने जा रहा है, तो उसे गिरफ्तार कर लिया जा रहा है।
घटना में 11 लोगों की जा चुकी है जान-
उन्होंने कहा कि सोनभद्र में हुए नरसंहार जिसमें 11 लोगों की जाने चली गई, उनसे मिलने प्रियंका गांधी जा रही थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब, मजलूम, किसान के अन्याय को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि सरकार को चेतना होगा। अगर नहीं चेती तो यहाँ की जनता इनका सिंहासन जलाकर राख कर देगी।