लॉकडाउन के दौरान सभी टैक्सटाइल मार्केट और व्यापारिक प्रतिष्ठान सवा माह से बंद है और ऐसी स्थिति में वहां की सुरक्षा का भय व्यापारियों को सताने लगा है
सूरत. कपड़ा बाजार में लॉकडाउन के दौरान सभी टैक्सटाइल मार्केट और व्यापारिक प्रतिष्ठान सवा माह से बंद है और ऐसी स्थिति में वहां की सुरक्षा का भय व्यापारियों को सताने लगा है। इस संबंध में उन्होंने बताया कि सभी टैक्सटाइल मार्केट में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन उनमें एक माह की रिकॉर्डिंग ही सुरक्षित रखी जा सकती है। पिछले दिनों मार्केट क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का राज सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग से ही पुलिस खोल पाई थी। ऐसी स्थिति में कपड़ा बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग पार्षद विजय चौमाल ने शहर पुलिस आयुक्त से पत्र लिखकर की है।
वीडिय़ों कांफ्रेंस में दी जानकारी
लॉकडाउन के दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की आवश्यक बैठक का आयोजन मंगलवार शाम वीडिय़ों कांफ्रेंस के माध्यम से किया गया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल ने सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों व विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष, महामंत्री आदि का परिचय करवाया और कोरोना संक्रमण के दौरान सामाजिक स्तर पर जारी गतिविधियों की जानकारी ली। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों को व्यापारिक समस्या के संदर्भ में सरकार को जानकारी देकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। इस मौके पर अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के पदाधिकारी व्यापारियों ने लॉकडाउन के बाद शेयर बाजार, बैंकिंग व्यवस्था व इंडस्ट्रीज क्षेत्र में आने वाली मुश्किलों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और बताया कि श्रमिकों के लौट जाने से लेबर प्रॉब्लम बड़े पैमाने पर उत्पन्न होगी। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारुका ने भी आवश्यक जानकारी दी।