सूरत

होरिया में उड़े रे गुलाल…

फागोत्सव पूरे चरम पर, देर रात तक जमने लगी रंगत
2 min read
Feb 28, 2018
patrika

सूरत. शहर में होली का उल्लास फागोत्सव के आयोजनों से पूरे चरम पर पहुंच गया है और रात में देर तक कार्यक्रम चलते रहते हैं। राजस्थान कला मंच की ओर से सारोली व राजस्थान युवा संघ ट्रस्ट की ओर से परवत पाटिया में फागोत्सव के आयोजन जारी है।

मंगलवार रात दोनों जगहों पर गणपति वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की गई और बाद में देर रात तक आमंत्रित कलाकारों ने मंच से राजस्थानी संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी। राजस्थान कला मंच के आयोजन के दौरान महापौर अस्मिता शिरोया, भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन ठाकर, डॉ. प्रफुल्ल शिरोया, विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष घनश्याम सेवग, महेंद्र शर्मा आदि अतिथियों का स्वागत संरक्षक नरेश अग्रवाल, संयोजक सज्जन महर्षि आदि ने किया।

उधर, सेठ सांवलशाह अस्पताल सेवार्थ राजस्थान युवा संघ ट्रस्ट की ओर से आयोजित फागोत्सव में कई मेहमान मौजूद रहे और कलाकारों की प्रस्तुति देखने हजारों लोग रात में देर तक मौजूद रहे।

उधर, शहर में जगह-जगह चंग-ढप की थाप पर फाग गीत व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चल रहा है। इसमें वेसू की पाम एवेन्यू सोसायटी में आमंत्रित कलाकारों ने राजस्थानी गीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान सोसायटी के मनोज गोयल, सुनील गोयल, अनिल अग्रवाल समेत कई सदस्य मौजूद थे। केपिटल ग्रीन में लवली एंड पार्टी का रंग श्रोताओं पर पूरी तरह से चढ़ा। सोसायटी के सदस्यों ने राजस्थानी व हिन्दी गीतों पर कलाकारों के साथ ठुमके लगाए। इस तरह के आयोजन शहर में अन्य कई सोसायटी-अपार्टमेंट प्रांगण में आयोजित किए गए।

श्याम संग खेली होली

श्रीश्याम सेवा समिति की ओर से फाल्गुन महोत्सव का आयोजन सिटीलाइट में सूर्या पैलेस के ए-402 में किया गया। इस दौरान बाबा के शृंगारित दरबार में भजनों की प्रस्तुति दी गई और बाद में बाबा संग होली खेली गई।

समारोह में बिखरे रंग

गौड ब्राह्मण परिषद की ओर से होली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन बुधवार को उधना मुख्य मार्ग पर समाज भवन में किया गया। इस दौरान आमंत्रित कलाकारों व समाज के लोगों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।

Updated on:
28 Feb 2018 10:51 pm
Published on:
28 Feb 2018 10:51 pm