जब TS-Jogi दिखे तो एक ही मंच पर लेकिन दोनों के बीच नहीं हुई कोई बात

मंच शेयर करने से कुछ देर पहले ही जोगी ने नेता प्रतिपक्ष पर किए थे तीखे हमले, मंच पर पहुंचकर दोनों ने किया सामान्य अभिवादन
2 min read
• •
Updated: 16 Jan 2017, 1:01 PM IST
TS-Jogi on same stage
TS-Jogi on same stage
अंबिकापुर.
ऐसा मौका कभी-कभी ही आता है जब एक-दूसरे के चिर प्रतिद्वंद्वी नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव व अजीत जोगी एक ही मंच पर विराजमान हों। ऐसा ही नजारा पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सरगुजा आनंद महोत्सव के समापन अवसर पर देखने को मिला। दोनों ने एक साथ मंच तो शेयर किया लेकिन उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई।


सिर्फ दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों की निगाहें इन्हीं दोनों पर टिकी रहीं। मंच पर इनके अलावा एक समय अजीत जोगी के काफी करीबी रहे सीतापुर विधायक अमरजीत भगत व वृहस्पति सिंह भी मौजूद थे।


सरगुजा आनंद महोत्सव में अजीत जोगी का पहुंचना पूर्व से तय था। इधर नेता प्रतिपक्ष भी प्रतिदिन इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे थे। जोगी के पहुंचने के कुछ देर बाद महोत्सव के मंच पर नेता प्रतिपक्ष भी पहुंचे। इस दौरान दोनों की केवल नजरें मिलीं और एक-दूसरे का अभिवादन किया। फिर दोनों थोड़ी दूरी पर ही बैठे रहे।


दोनों एक साथ बैठते भी तो कैसे? इधर अजीत जोगी अपनी सभाओं में लगातार पीएम, सीएम सहित नेता प्रतिपक्ष को अपने निशाने पर रखे हुए हैं। उन्हें लबरा नंबर-1, 2 और 3 की संज्ञा तक दे डाली। आनंद महोत्सव में शामिल होने से कुछ देर पूर्व ही उन्होंने बीटीआई मैदान में आयोजित सभा में नेता प्रतिपक्ष पर जमकर तीखे प्रहार किए थे। लेकिन आगामी चुनाव को देखते हुए करीब डेढ़ लाख लोगों के सामने मंच शेयर करना दोनों की मजबूरी थी।


इस कार्यक्रम में अजीत जोगी के काफी करीबी रहे सीतापुर से कांग्रेस विधायक अमरजीत भगत व वृहस्पति सिंह के अलावा महापौर डा. अजय तिर्की, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, उपाध्यक्ष प्रभात खलखो भी मौजूद थे। सभा के दौरान अजीत जोगी ने अमरजीत भगत व वृहस्पति सिंह को भी अपने निशाने पर रखा और उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाईं थीं।


चुनाव आनेवाला है तो हर मंच सही

ऐसे तो एक मंच पर नेता प्रतिपक्ष व अजीत जोगी कभी दिखते नहीं, लेकिन लोगों के हुजूम के बीच ऐसा होना स्वाभाविक था। आने वाले चुनाव को देखते हुए इतने लोगों से एक साथ रूबरू होने का मौका भी था। अजीत जोगी ने जहां कार्यक्रम के प्रवचनकर्ता डा. पॉल दिनाकरन से चर्चा की, जबकि कार्यक्रम के पहले दिन से ही नेता प्रतिपक्ष उनसे मिलते रहे हैं।
Published on: