
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तैयारी (फोटो सोर्स:@SecWar)
US Midterm Elections: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ईरान युद्ध को लेकर अब उनके रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अपनी ही पार्टी के निशाने पर हैं। रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने उनसे इस्तीफा देने की मांग की है और कहा है कि ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा सकती है। वहीं, डेमोक्रेटिक सांसदों ने भी हेगसेथ को पद से हटाने के लिए दबाव बढ़ा दिया है।
रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने कहा है कि अगर हेगसेथ इस्तीफा दे देते हैं तो वह उनके खिलाफ महाभियोग की कोशिश दोबारा नहीं करेंगे। मैसी ने आरोप लगाया कि हेगसेथ ने कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल किया। सितंबर में भी उन्होंने 34 पन्नों का महाभियोग प्रस्ताव पेश किया था। CNN के अनुसार, अब उनकी योजना कांग्रेस का अगला सत्र शुरू होने पर इस प्रस्ताव पर मतदान कराने की है।
बढ़ते विरोध के बीच ट्रंप ने बुधवार को हेगसेथ का बचाव करते हुए कहा कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। दूसरी ओर, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सवाल उठाया कि ईरान के साथ युद्ध का फैसला सही था या नहीं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध के कारण रिपब्लिकन पार्टी ने कांग्रेस पर अपना नियंत्रण गंवा दिया। रक्षा विभाग ने भी साफ किया है कि हेगसेथ ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने तक पेंटागन का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के सदस्य और डेमोक्रेटिक सांसद जेसन क्रो ने कहा कि हेगसेथ को पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने CBS न्यूज से कहा, 'वह अक्षम हैं… पेंटागन में उनके रहने का हर दिन हमारे सैनिकों, पुरुषों और महिलाओं, हमारे बेटों-बेटियों, भाइयों और बहनों के लिए खतरा बढ़ाता है।'
रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस ने भी हेगसेथ के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस के सांसदों के साथ बिगड़ते रिश्तों से 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा बजट को मंजूरी दिलाने की कोशिश प्रभावित हो रही है। वहीं, डेमोक्रेट्स ने ईरान युद्ध, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को हटाने, यूक्रेन नीति और लैटिन अमेरिका में संदिग्ध जहाजों पर हमलों को लेकर जांच कराने की बात कही है। डेमोक्रेटिक सांसद जेसन क्रो ने हेगसेथ को अक्षम बताते हुए इस्तीफा मांगा है। सांसद पैट्रिक रयान ने भी कहा कि कांग्रेस का अगला सत्र शुरू होते ही उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान कराया जाएगा।
अमेरिका में ऐसा पहले भी हो चुका है। साल 2006 में मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के अगले दिन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने रक्षा मंत्री डोनाल्ड रम्सफेल्ड को पद से हटा दिया था। उस समय इराक युद्ध को लेकर जनता में नाराजगी थी और डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस में नियंत्रण हासिल किया था। अब ईरान युद्ध के बीच हेगसेथ पर बढ़ता दबाव उसी घटना की याद दिला रहा है।
Updated on:
5 Nov 2026, 1:59 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 1:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.