स्वतंत्रता दिवस की 69वीं वर्षगांठ पर सरगुजा जिले में देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ आजादी का पर्व मनाया गया। मुख्य समारोह पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया। गृहमंत्री व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामसेवक पैंकरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा शांति के प्रतीक कबूतर तथा उत्साह व उमंग के भाव को प्रदर्शित करने वाले रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल के जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया।
समारोह में परेड कमांडर प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं सूबेदार अमरजीत खंूटे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, सशस्त्र बल, होमगाड्र्स, एनसीसी, स्काउट-गाइड्स एवं रेडक्रास की 14 टुकडिय़ों द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम के महापौर डॉ. अजय तिर्की, हस्तशिल्प बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह मेजर, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सरगुजा संभाग के कमिश्नर टीसी महावर, आईजी हिमांशु गुप्ता, कलेक्टर भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक आरएस नायक और सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संदीप कुमार पैंकरा, अक्षय सिन्हा एवं सुजाता सिंह द्वारा किया गया।
शहादत का हुआ सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के शहीद पुलिस कर्मियों के शहादत का स्मरण करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गृहमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
शहीद निरीक्षक हेमन्त सिंह मरावी, उप निरीक्षक अगस्तुस कुजूर, प्लाटून कमांडर पतरस खलखो, शहीद आरक्षक सहलु राम भगत, शहीद उपनिरीक्षक संतोष एक्का, शहीद प्रधान आरक्षक राम नारायण सिंह, शहीद आरक्षक अथनस बड़ा तथा शहीद आरक्षक गौतम राम राजवाड़े के परिजनों सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के पुरस्कार

समारोह के दौरान प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में कन्या शिक्षा परिसर की 150 बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत वसुधैव कुटुंबकम पर आधारित कार्यक्रम को प्रथम पुरस्कार, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर की 150 बालिकाओं द्वारा स्वच्छ एवं समृद्ध भारत पर आधारित नृत्य को द्वितीय पुरस्कार तथा हॉलीक्रास हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 210 बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत वन्दे मातरम् रिमिक्स को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
प्रथमखंड के परेड में उप निरीक्षक एमडी हुसैन के नेतृत्व में सीआरपीएफ 62 वीं बटालियन को प्रथम, उप निरीक्षक सिंधु साहू के नेतृत्व में जिला पुलिस बल महिला को द्वितीय तथा उप निरीक्षक श्री चेतन सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में जिला पुलिस बल पुरूष को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार परेड खण्ड-2 में सीनियर अंडर ऑफिसर विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एनसीसी सीनियर डिवीजन पी.जी. कॉलेज अम्बिकापुर ब्वायज को प्रथम, सीएचएम विवेक गुप्ता के नेतृत्व में एनसीसी जूनियर डिवीजन मल्टीपरपज को द्वितीय, सीनियर अण्डर ऑफिसर करिश्मा यादव के नेतृत्व में एनसीसी सीनियर डिवीजन हॉलीक्रास को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसी खण्ड में कैडेट शुभम आनंद के नेतृत्व में सैनिक स्कूल को भी प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
परेड खण्ड-3 में ऋतु पैकरा के नेतृत्व में कन्या शिक्षा परिसर को प्रथम, नेता तिर्की के नेतृत्व में गल्र्स गाइड कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर को द्वितीय तथा नेहा रानी तिग्गा के नेतृत्व में गल्र्स गाईड उर्सूलाइन उमावि अंबिकापुर को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
ओडीएफ हुए ग्राम पंचायतों के सरपंच पुरस्कृत
स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच मुक्त 16 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया गया। गृहमंत्री द्वारा अंबिकापुर विकासखंड अन्तर्गत सरगवां के सरपंच नारायण प्रताप मरावी, नानदमाली के सरपंच जोहन लकड़ा, करम्हा की सरपंच हिरमनिया चेंरवा, पोडि़पा के सरपंच सुशीला खलखो, सीतापुर विकासखण्ड के उलकिया ग्राम की सरपंच रमनी बेक, कुनमेरा के सरपंच जीवन मिंज, पेटला के सरपंच रमेश, रजौटी के सरपंच बेने टोप्पो, लखनपुर विकासखंड के निम्हा ग्राम की सरपंच देवेन्ती पैंकरा, गुमगराकला की सरपंच रामकुंवर पैंकरा, जयपुर (ख) के सरपंच श्रीमती कमला पोर्ते, बेलखरिखा के सरपंच सुभाष सिंह मरकाम, उदयपुर विकासखण्ड के रीखी ग्राम के सरपंच विनोद सिंह पोर्ते, परसा के सरपंच धरमसाय नेटी, केदमा की सरपंच कृतिका सिंह एवं करौंधी की सरपंच राजकुमारी सिंह को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हर्षित व अपूर्वा भी सम्मानित
समारोह के दौरान दर्रीपारा,अम्बिकापुर निवासी सातवीं कक्षा के छात्र हर्षित अम्बस्ट को ताईक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा खैरबार निवासी 7वीं कक्षा की छात्रा कुमारी अपूर्वा दीक्षित द्वारा मुख्यमंत्री को बस्ते का बोझ कम करने के संबंध में लिखे गये पत्र के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।