मंदिर

बाबा अमरनाथ के रहस्य, जिसे जानना चाहिए

बाबा अमरनाथ की यात्रा (Baba Amarnath Yatra Significance) हिंदू धर्म मानने वालों के लिए महत्वपूर्ण और विशेष आस्था से जुड़ा है। यहां के शिवलिंग अमरेश्वर के दर्शन के लिए जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा अगस्त के पहले सप्ताह तक चलती है। आइये जानते हैं बाबा अमरनाथ से जुड़े रहस्य।

2 min read
Apr 09, 2023
baba amarnath

बाबा अमरनाथः बाबा अमरनाथ की गुफा श्रीनगर से 145 किलोमीटर दूर हिमालय की श्रेणियों में स्थित है। समुद्र तल से 3978 मीटर ऊंचाई पर स्थित गुफा 150 फीट ऊंची, 90 फीट लंबी है। यहां पहुंचने के लिए सोनमर्ग बालटाल या पहलगाम का रास्ते पैदल आना पड़ता है।

हिंदू महीने के अनुसार आषाढ़ पूर्णिमा से शुरू होकर यात्रा पूरे सावन महीने तक चलती रहती है। ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव इस गुफा में पहली बार श्रावण पूर्णिमा के ही दिन आए थे। इसलिए इस दिन यहां की यात्रा (Amarnath Cave Secret) का विशेष महत्व है।

यहां ऐसे बनता है शिवलिंग
अमरनाथ गुफा में ऊपर से पानी की बूंदें टपकती हैं। यहीं पर गुफा के केंद्र में टपकने वाली बूंदों से 10 फीट लंबा शिवलिंग बनता है। सबसे बड़े आश्चर्य यह है कि यहां बनने वाला शिवलिंग ठोस बर्फ का होता है, जबकि दूसरी जगहों पर कच्ची बर्फ बनती है जो हाथ में लेने पर भुरभुरा जाती है। अमरेश्वर से कुछ दूरी पर उसी तरह के हिमखंड बनते हैं जिन्हें गणेश, भैरव और पार्वती का रूप माना जाता है।


इसके अलावा गुफा के सेंटर में पहले बर्फ का एक बुलबुला बनता है जो 15 दिन बढ़ता है और 2 गज से अधिक ऊंचा हो जाता है। और चंद्रमा के साथ घटते हुए विलुप्त हो जाता है। इसी के साथ शिवलिंग भी विलुप्त हो जाता है। चंद्रमा का संबंध शिवजी से माना जाता है। लेकिन यह रहस्य कोई नहीं सुलझा पाया कि इसका असर इसी हिमलिंग पर क्यों पड़ता है। जबकि यहां और भी गुफाएं हैं और वहां भी पानी टपकता है लेकिन वहां हिमलिंग नहीं बनता।


सबसे पहले भृगु ऋषि ने देखा था यह स्थान
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार कश्मीर घाटी में प्राचीन काल में राजा दश, ऋषि कश्यप और उनके पुत्रों का निवास स्थान था। एक बार कश्मीर घाटी जलमग्न हो गई। कश्यप ऋषि ने इस जल को नदियों और छोटे-छोटे जलस्रोतों से बहाया। उसी समय भृगु ऋषि हिमालय यात्रा के दौरान वहां से गुजरे, उस समय जलस्तर कम हो गया था। इसी समय भृगु ऋषि ने हिमालय की पर्वत श्रृंखला में अमरनाथ की गुफा देखी, और बर्फ का शिवलिंग भी देखा। मान्यता है भगवान शिव ने यहां तपस्या की थी, इसलिए यह गुफा देवस्थान बन गई।


अमरनाथ दर्शन का महत्व
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार बाबा अमरनाथ के दर्शन का पुण्यफल, काशी में दर्शन से दस गुना, प्रयागराज में दर्शन से सौ गुना, नैमिषारण्य में हजार गुना मिलता है और जो कैलाश जाता है वह मोक्ष प्राप्त करता है। पुरातत्वविद अमरनाथ गुफा को पांच हजार साल पुराना मानते हैं, लेकिन इस पर कई सवाल भी हैं। तमाम लोगों का कहना है कि हिमालय के पहाड़ लाखों वर्ष पुराने है और किसी ने गुफा बनाई होगी तो यह हिमयुग में यानी 12-13 हजार साल पहले।


इसके अलावा यह भी मान्यता है कि यहां भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य सुनाया था और कई वर्ष यहां रहकर तपस्या की थी। यह अमरत्व का रहस्य तोता और दो कबूतरों ने भी सुन लिया था। बाद में तोता शुकदेव ऋषि के रूप में अमर हो गया, जबकि कुछ श्रद्धालुओं को यहां आज भी कबूतरों का जोड़ा दिखाई देता है, जिसे अमर पक्षी माना जाता है।

कहा जाता है कि जब भगवान शिव यह रहस्य बताने जा रहे थे तो अनंत नागों को अनंतनाग, माथे के चंदन को चंदनवाड़ी, पिस्सुओं को पिस्सू टॉप पर और गले के शेषनाग को शेषनाग स्थल पर छोड़ दिया था, ये स्थान अमरनाथ यात्रा के दौरान दिखाई पड़ते हैं।

Updated on:
09 Apr 2023 05:41 pm
Published on:
09 Apr 2023 05:40 pm
Also Read
View All