टीकमगढ़

शादीशुदा महिला ने मोहब्बत के इजहार से इंकार किया तो सिरफिरे आशिक ने मारी गोली

गंभीर हालत में डॉक्टरों ने महिला को झांसी किया रेफरपलेरा थाना क्षेत्र के सैपुरा गांव की घटना

less than 1 minute read
May 09, 2023
शादीशुदा महिला ने मोहब्बत के इजहार से इंकार किया तो सिरफिरे आशिक ने मारी गोली
सिरफिरे आशिक ने मारी गोली

टीकमगढ़/ पलेरा. हैंडपंप पर पानी भरने गई शादीशुदा महिला को युवक से मोहब्बत का इजहार करने से इंकार करना भारी पड़ गया। सिरफिरे आशिक ने इंकार सुनते ही महिला को गोली मार दी। गंभीर हालत में महिला को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।
नगर से 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत सैपुरा निवासी महिला के परिवारजनों के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नीरज साहू नाम के व्यक्ति ने शादीशुदा महिला के समक्ष प्यार किए जाने की बात सामने रखी थी, महिला के द्वारा मना कर दिया। महिला द्वारा इंकार किए जाने से वह आक्रोशित हो गया और उसे गोली मार दी। घायलावस्था में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बताया गया है कि यह वारदात उस समय घटित हुई जब महिला अपने घर से बाहर नृसिंह मंदिर के पास हैंडपंप से पानी लेने के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि महिला के परिवारजनों से नीरज साहू का रूपयों का लेनदेन चलता था। इसी बात का फायदा उठाते हुए नीरज काफी दिनों से महिला के पीछे पड़ा था। फिलहाल उक्त घटना को लेकर स्थानीय थाना पुलिस ने अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Published on:
09 May 2023 07:57 pm