
मालपुरा. नगरपालिका की ओर से शहर में वाहनों की गति को धीमा करने के लिए जगह-जगह लगाए गए स्पीड ब्रेकरों से लोगों को आने वाली परेशानियों को लेकर राजस्थान पत्रिका के 29 जुलाई के अंक में स्पीड ब्रेकर लगा सकते है जिन्दगी के ब्रेक खबर प्रकाशित होने के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया तथा पास-पास लगे स्पीड ब्रेकरों में सीमेंट भरकर उनको वाहन चालकों के लिए सुविधाजनक बनाया।
नगरपालिका की ओर से शहर में बेतरतीब तरीके से जगह-जगह स्पीड ब्रेकर लगा दिए गए थे। इन स्पीड ब्रेकरों से अपने दुपहिया व चौपहिया वाहन निकालते समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
परिसीमन को लेकर उपखण्ड कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
मालपुरा. उपखण्ड के ग्राम पंचायत लावा के निकट स्थित ढाणियों के ग्रामीणों ने शुक्रवार को उपखण्ड अधिकारी अजय कुमार आर्य को ज्ञापन सौंपकर ढाणियों को लावा ग्राम पंचायत में ही बनाए रखने की मांग की।
ग्राम पंचायत लावा के गणेशपुरा, भैरुपुरा, नयागांव, चौरुपुरा व बालापुरा के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमण्डल के सत्यनारायण चौधरी, सुरेश जाट, ममता, परसाराम चौधरी, भैरुलाल जाट, हनुमान प्रसाद सहित कई ग्रामीणों की ओर से सौंपे ज्ञापन में बताया कि लावा के आस-पास बसी यह ढाणियां लम्बे समय से ग्राम पंचायत लावा में है।
परिसीमन में इन ढाणियों को अलग करने की मांग जो उठाई जा रही है जो न्यायसंगत नहीं है ऐसे में ढाणियों को लावा ग्राम पंचायत में ही रखा जाए।
श्रीजी के दान पात्र में निकले 27 लाख
मालपुरा. उपखण्ड के डिग्गी स्थित कल्याणजी मन्दिर में लक्खी मेले में आने वाले लाखों यात्रियों के आने से पूर्व श्री कल्याण मन्दिर ट्रस्ट अध्यक्ष अजय कुमार आर्य की देखरेख में मन्दिर ट्रस्ट का दान पात्र खोला गया।
तहसीलदार ओमप्रकाश जैन, कार्यवाहक नायब तहसीलदार सूरजकरण गुर्जर, पटवारी, गिरदावरों व ट्रस्ट सदस्यों की मौजूदगी में दान पात्र खोले गए। इन दान पात्रों में दो पेटी चार माह बाद व एक बड़ी पेटी सात माह बाद खोला गया। दानपात्र में निकली राशि में से 27 लाख 12 हजार 480 रुपए गिने जा चुके है।