
टोंक. जिला परिषद में जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया है। गुरुवार को हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आशाराम नागर ने भाजपा प्रत्याशी गणेशराम को 21 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। आशाराम नागर को 26 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी गणेशराम को महज 5 मतों से संतोष करना पड़ा। चुनाव परिणाम के साथ ही जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा कायम हो गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस की अलका बैरवा जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थी। उन्हें भी 26 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रियंका को 5 मत मिले थे।
उप जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर गुरुवार को जिला परिषद परिसर में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रही। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला परिषद के निर्वाचित सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर भाजपा के पांच सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। इसके ठीक एक मिनट बाद 3 बजकर 6 मिनट पर कांग्रेस के 23 सदस्य मतदान करने पहुंचे। वहीं कांग्रेस के शेष सदस्य दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे। इसके बाद मतदान प्रक्रिया पूरी होने पर मतगणना शुरू हुई।
मतगणना की प्रक्रिया दोपहर बाद शुरू हुई और 3 बजकर 45 मिनट पर पूरी हो गई। परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी आशाराम नागर को 26 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी गणेशराम को 5 मत प्राप्त हुए। इस तरह आशाराम नागर ने 21 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर टीना डाबी ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख आशाराम नागर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस के 25 सदस्य निर्वाचित हुए थे। वहीं भाजपा के पांच और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक सदस्य निर्वाचित हुआ था। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को 26-26 मत मिले। इससे दोनों चुनावों में कांग्रेस को अतिरिक्त समर्थन मिलने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
आशाराम नागर की जीत के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। इस दौरान जिला सह संगठन प्रभारी सुमित गर्ग, जिला प्रमुख अलका बैरवा, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, सीपी श्रीवास्तव सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। जीत की खुशी में पटेल सर्कल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने इसे जिले में कांग्रेस की मजबूत वापसी के रूप में देखा।
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के निर्वाचन के बाद अब जिला परिषद में पदभार ग्रहण समारोह का इंतजार है। निर्वाचित सदस्यों ने कहा कि जिला परिषद के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। गांवों में सडक़, पेयजल, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर प्रभावी ढंग से काम करने का प्रयास किया जाएगा। इस तरह जिला परिषद के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के साथ जिले की ग्रामीण राजनीति में पार्टी ने अपनी स्थिति मजबूत की है। अब सभी की निगाहें नवनिर्वाचित जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के पदभार ग्रहण समारोह तथा जिला परिषद की आगामी कार्ययोजना पर टिकी है।