टोंक

बहुमत कांग्रेस के पास, प्रधान की कुर्सी के लिए दावेदारों में जोर-आजमाइश

पंचायत समिति निवाई की सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला शुक्रवार को हो जाएगा। क्षेत्र की 52 ग्राम पंचायतों के विकास की दिशा तय करने वाली पंचायत समिति के प्रधान पद को लेकर कांग्रेस और…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:32 PM IST
बहुमत कांग्रेस के पास, प्रधान की कुर्सी के लिए दावेदारों में जोर-आजमाइश

निवाई। पंचायत समिति निवाई की सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला शुक्रवार को हो जाएगा। क्षेत्र की 52 ग्राम पंचायतों के विकास की दिशा तय करने वाली पंचायत समिति के प्रधान पद को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दोनों दलों में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन और लामबंदी का दौर जारी है। चुनावी गणित कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रहा है, लेकिन प्रधान पद का चेहरा कौन होगा, इसे लेकर अभी असमंजस बना हुआ है। दोनों प्रमुख दलों ने अब तक अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में संभावित दावेदारों की धड़कनें तेज हैं और राजनीतिक गलियारों में नामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

15 सदस्यों का समर्थन जरूरी, कांग्रेस के पास बहुमत

निवाई पंचायत समिति में कुल 29 वार्ड हैं। इनमें कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया है, जबकि भाजपा को आठ सीटें मिली हैं। वहीं, दो निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव जीतकर आए हैं। प्रधान पद पर जीत के लिए 15 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। इस लिहाज से कांग्रेस पहले ही बहुमत के आंकड़े से चार सीट आगे है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, दोनों निर्दलीय सदस्य भी कांग्रेस खेमे के संपर्क में हैं। यदि निर्दलीयों का समर्थन कांग्रेस को मिलता है तो उसके पक्ष में सदस्यों की संख्या बढ़कर 21 हो सकती है। ऐसे समीकरण में भाजपा के लिए प्रधान पद की राह चुनौतीपूर्ण नजर आ रही है।

अंतिम समय में तय होगा प्रत्याशी का नाम

बहुमत का आंकड़ा कांग्रेस के पक्ष में होने के बावजूद पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रधान पद के लिए उपयुक्त चेहरे का चयन करना है। पार्टी में दो-तीन संभावित नामों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। वहीं, भाजपा खेमे में भी प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन जारी है। दोनों दलों की रणनीति, आपसी सहमति और अंतिम समय में बनने वाले राजनीतिक समीकरण चुनाव की तस्वीर को प्रभावित कर सकते हैं।

52 ग्राम पंचायतों के विकास की होगी जिम्मेदारी

प्रधान पद का चुनाव केवल राजनीतिक जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निर्वाचित प्रधान के सामने 52 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, नाली निर्माण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नई पंचायत समिति की प्राथमिकता में रहेगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नया प्रधान राजनीतिक वादों से आगे बढ़कर गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देगा। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पंचायत समिति की कमान किसके हाथ आती है।

सुबह 10 बजे शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया, शाम को आएगा परिणाम

पंचायत समिति निवाई के प्रधान पद के लिए शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:32 PM IST
Published on: