
देवली. शहर के लिए जयपुर-कोटा बायपास पर बनने वाले नए कृषि उपज मण्डी भवन का सोमवार से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मण्डी सचिव क्रान्ति कुमार मीणा ने बताया कि बायपास पर 80.19 बीघा क्षेत्र में बनने वाले कृषि उपज मण्डी भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत मण्डी भवन की नींव व वर्कशॉप का निर्माण शुरू किया गया है।
सालभर पहले हुआ था शिलान्यास
उल्लेखनीय है कि गत 24 नवम्बर 2016 को कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कृषि उपज मण्डी भवन का शिलान्यास किया था। योजना के तहत 1.25 करोड़ की लागत से चारदीवारी व मुख्य चैक पोस्ट, 39 लाख से नीलामी चबूतरा, 1.20 करोड़ की लागत से कवर्ड नीलामी चबूतरा, 1.15 करोड़ की लागत से मण्डी में सड़क निर्माण आदि कराए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि मौजूदा कृषि मण्डी के छोटी पडऩे व सुविधाओं के अभाव के चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नई व आधुनिक सुविधाओं से युक्त कृषि उपज मण्डी बनने से किसानों को लाभ मिलेगा।