
देवली. देवली पंचायत समिति में कांग्रेस को बहुमत मिला है। ऐसे में प्रधान पद पर पार्टी उम्मीदवार की जीत लगभग तय है, लेकिन प्रधान की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। यहां अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए प्रधान पद आरक्षित है। कांग्रेस को मिले बहुमत में इस वर्ग पांच सदस्य जीते है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने अनुभव, वरिष्ठता और नए चेहरे के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।
25 सदस्यीय पंचायत समिति सदन में कांग्रेस के 15 सदस्य जीतकर आए हैं, इसमें एसटी वर्ग में कांग्रेस के 5, भाजपा के दो, बसपा और निर्दलीय 1-1 सदस्य ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के पांच निर्वाचित सदस्य में रतनलाल हाड़ा, महादेव सिंह मीणा, शिवराज मीणा, प्रियंका कुमारी मीणा और सोजी लाल मीणा हैं। वहीं भाजपा में मंजू मीणा और कंवरलाल मीणा, बसपा से शालू मीणा तथा निर्दलीय प्रियंका देवी मीणा भी चुनाव जीतकर आई हैं।
प्रधान पद की दावेदारी में कांग्रेस से पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व उपप्रधान रतनलाल हाड़ा को अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व उपप्रधान महादेव सिंह मीणा भी संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक सक्रियता के चलते प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। दूसरी ओर पार्टी यदि नए चेहरे को मौका देने की रणनीति अपनाती है तो शिवराज मीणा, प्रियंका कुमारी मीणा और सोजी लाल मीणा के नामों पर भी विचार हो सकता है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर प्रधान पद को लेकर समीकरण दिलचस्प बन गए हैं।
प्रधान पद के उम्मीदवार के चयन में टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश चंद्र मीना की भूमिका अहम मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व किसे अनुभव और वरिष्ठता का लाभ देता है और किसे नए चेहरे के रूप में आगे लाता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।फिलहाल कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के निर्वाचित सदस्य बाड़ाबंदी में हैं। 27 नवंबर को प्रधान पद के लिए चुनाव होना है। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने से प्रधान उसी का चुना जाना लगभग तय है, लेकिन पांच दावेदारों में से किसके सिर प्रधान का ताज सजेगा, इस पर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। अब सबकी निगाहें पार्टी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।