
टोंक. शादी की वर्षगांठ पर पति-पत्नी एक-दूसरे को उपहार देकर इस खास दिन को यादगार बनाते हैं। लेकिन बनेठा निवासी सपना जैन ने अपनी शादी की सातवीं वर्षगांठ पर पति दीपक कुमार जैन को ऐसा अनमोल उपहार दिया, जिसकी कल्पना भी शायद किसी ने नहीं की होगी। सपना ने अपनी एक किडनी पति को दान कर उन्हें नया जीवन देने की पहल की। खास बात यह रही कि जिस 25 नवंबर को दोनों अपनी शादी की वर्षगांठ मनाते हैं, उसी दिन जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में दीपक का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। पत्नी के इस फैसले ने वैवाहिक रिश्ते में प्रेम, विश्वास, त्याग और समर्पण की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है।
बनेठा निवासी दीपक कुमार जैन जयपुर में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। करीब एक साल पहले उन्हें किडनी संबंधी बीमारी का पता चला। धीर-धीरे उनकी किडनियों ने काम करना बंद कर दिया। इसके चलते पिछले छह माह से उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस करवाना पड़ रहा था। बीमारी के कारण दीपक को शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं परिवार के लिए भी यह समय चुनौतीपूर्ण था। पति की तकलीफ और उपचार की स्थिति को देखते हुए सपना जैन ने उन्हें नया जीवन देने के लिए अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया। पति की जिंदगी बचाने के लिए सपना ने अपनी एक किडनी दान करने की इच्छा जताई। इसके बाद आवश्यक चिकित्सकीय जांच और प्रक्रिया पूरी की गई। किडनी दान 24 नवंबर को हुई तथा शादी की वंर्षगांठ के दिन 25 नवम्बर केा जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में दीपक का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। इसमें सपना ने अपनी एक किडनी पति को दान की। परिवार के अनुसार ऑपरेशन के बाद फिलहाल दोनों की तबीयत ठीक है। लंबे समय से डायलिसिस की परेशानी से गुजर रहे दीपक के लिए यह नया जीवन मिलने जैसी उम्मीद लेकर आया है।
दीपक और सपना की कहानी भी किसी खूबसूरत संयोग से कम नहीं है। करीब आठ साल पहले दोनों की मुलाकात जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। सपना मध्यप्रदेश के पचोर की रहने वाली है, जबकि दीपक उनियारा के बनेठा गांव के निवासी है। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच परिचय बढ़ा और एक-दूसरे को समझने के बाद उन्होंने प्रेम विवाह किया। सात साल पहले दोनों विवाह के बंधन में बंधे और साथ मिलकर जिंदगी का सफर शुरू किया। वर्तमान में उनके परिवार में ढाई साल की बेटी वामिका और 16 माह का बेटा दर्शन भी है।