
Rajasthan Road Accident: टोंक के अलीगढ़ थाना क्षेत्र के टोंक -सवाईमाधोपुर हाइवे अलीगढ़ के समीप मंगलवार देर शाम ट्रक ने बाइक के टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर थानाधिकारी बृजेन्द्र सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। थानाधिकारी बृजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मृतक कुण्ड़िया गांव निवासी खुशीराम (22) पुत्र हरिराम मीणा है। वह मंगलवार देर शाम बहन को ससुराल छोड़कर अपने गांव कुण्ड़िया आ रहा था। इसी दौरान टोंक-सवाईमाधोपुर हाईवे 116 पर अलीगढ़ के समीप ट्रक ने उसकी बाइक के टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में पुलिस ने नाकाबंदी कर पचाला पुलिस चौकी पर चालक को पकड़ लिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
वहीं टोंक के देवली थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदली की झोपड़ियां गांव में बाइक सवार ससुर-बहू को रास्ते में रोककर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब एक दर्जन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि पीड़िता काली पत्नी खुशीराम गुर्जर निवासी चांदली की झोपड़िया है। दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया कि वह गत 21 नवंबर को अपने ससुर दुर्गालाल गुर्जर के साथ चांदली माताजी से अपने घर बाइक से आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में धर्मराज, विमल गुर्जर, जमानलाल गुर्जर, देवलाल, सीता, लादी, जगदीशी, आशा, आशा, सोना, प्रियंका, खुशी निवासी चांदली की झोपड़िया ने उसके ससुर की बाइक को रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की है।