
Tonk: प्रतिबंधित वन क्षेत्र में घटना के बाद क्षतिग्रस्त सरकारी बाइक और पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली। (फोटो-पत्रिका)
टोंक। निवाई क्षेत्र में अवैध चेजा पत्थर परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम के साथ मंगलवार शाम गंभीर घटना हो गई। प्रतिबंधित वन क्षेत्र में चेजा पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने कथित तौर पर वनकर्मियों को कुचलने के इरादे से ट्रैक्टर तेज गति से दौड़ा दिया। इस दौरान वनरक्षक रमेश कुमार ताखर और रामजीलाल गुर्जर ने मोटरसाइकिल से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हालांकि सरकारी मोटरसाइकिल ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कुछ दूरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
क्षेत्रीय वन प्रसार अधिकारी धारीलाल बैरवा के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे वनरक्षक रमेश कुमार ताखर और रामजीलाल गुर्जर को नोहटा चौकी के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में चेजा पत्थर के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने ओमप्रकाश गुर्जर, रिंकू कुमारी जाट और धोली मीणा को नोहटा चौकी बुलाया। सभी वनकर्मी दो मोटरसाइकिलों से प्रतिबंधित वन क्षेत्र में पहुंचे।
मौके पर चेजा पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई देने पर वनकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। वनकर्मियों ने सरकारी मोटरसाइकिल से ट्रैक्टर का पीछा किया। इसी दौरान चालक ने मोटरसाइकिल सवार वनकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। खतरा भांपकर रमेश कुमार ताखर और रामजीलाल गुर्जर ने बाइक से छलांग लगा दी। इससे दोनों की जान बच गई, लेकिन बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद वनकर्मियों ने ट्रैक्टर चालक अंकित योगी पुत्र शंकर योगी, निवासी करीरिया, को पकड़ लिया। आरोप है कि धक्का-मुक्की के बीच चालक मौका पाकर फरार हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के वीडियो और जीपीएस फोटो जुटाकर वाहन तथा मौके की स्थिति दर्ज की। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों और सिरस पुलिस चौकी को दी गई। वन विभाग ने बरोनी थाने में शिकायत देकर राजकीय कार्य में बाधा, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने, वनकर्मियों पर जानलेवा हमला करने और धक्का-मुक्की के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
Updated on:
19 Aug 2026 05:34 pm
Published on:
19 Aug 2026 05:34 pm
