
टोंक. माध्यमिक शिक्षा राजस्थान की ओर से जारी शिविरा पंचाग के अनुसार ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार से सरकारी स्कूल खुलेंगे। साथ ही विभागीय आदेशों के अनुसार दूसरे चरण का प्रवेशोत्सव की गतिविधियां भी शुरू होगी। सोमवार से केवल शिक्षण कार्य शुरू होगा जबकि शैक्षिणिक कार्य एक जुलाई से प्रारम्भ होगा। सरकारी स्कूलों का समय सुबह साढ़े 7 से दोपहर एक बजे तक रहेगा।
साथ ही सोमवार से प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण भी शुरू हो जाएगा। इसमें शिक्षक व स्कूल स्टाफ नामांकन बढ़ाने में जुटेंगे। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (शैक्षिक प्रकोष्ठ) चौथमल चौधरी ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के बाद राजकीय स्कूलों में 26 से 30 जून तक दूसरे प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
अंतिम तिथी 15 जुलाई
विद्यालयों में नवीन प्रवेश के लिए अंतिम तिथी 15 जुलाई तक निर्धारित की गई है। इसी प्रकार नवीन कक्षा एक में प्रवेश के समय विद्यार्थी की आयु पांच वर्ष या उससे अधिक परन्तु 7 वर्ष से कम वर्ष निर्धारित की गई है। चौधरी ने बताया कि जिले में कुल 1637 राजकीय विद्यालय में 238685 विद्यार्थियों का वर्तमान में नामांकन है।
प्रवेश दिलाने के लिए करेंगे प्रेरित
प्रवेशोत्सव के तहत शिक्षक-शिक्षिकाएं अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित करेंगे। चौधरी ने बताया कि जहां पर प्रथम चरण में अपेक्षित नामांकन नहीं बढऩे पर अब विभाग दूसरे चरण में इसको पूरा करेगा। इस कार्यक्रम में नामांकन वृद्धि, अनामांकित एंव ड्राप आउट बच्चों को विद्यालय से जोड़ा जाएगा।