22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

निवाई पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: 20-20 पर अटकी जीत, पर्ची ने खोला राज.. बच्चे के हाथ से निकली भाजपा की जीत

Niwai Nagar Palika election : निवाई नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में मंगलवार को मुकाबला ऐसा फंसा कि जीत और हार का फैसला मतों से भी नहीं हो सका। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी को 20-20 मत मिलने के बाद मामला बराबरी पर अटक गया।
2 min read
Google source verification

टोंक

image

kamlesh sharma

Sep 22, 2026

Niwai Nagar Palika election

Niwai Nagar Palika election (Photo-Patrika)

Niwai Nagar Palika election: टोंक। निवाई नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में मंगलवार को मुकाबला ऐसा फंसा कि जीत और हार का फैसला मतों से भी नहीं हो सका। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी को 20-20 मत मिलने के बाद मामला बराबरी पर अटक गया। इसके बाद जीत का फैसला पर्ची से कराने का निर्णय हुआ। रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम गंभीर सिंह ने दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में एक बच्चे को बुलाया और उससे पर्ची उठवाई। पर्ची खुली तो उसमें भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र कुमार जैन का नाम था। नाम सामने आते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और जितेंद्र कुमार जैन को पालिका उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

सुबह से रहा सियासी रोमांच

उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे शुरू हुई। वार्ड 19 की कांग्रेस पार्षद तनीषा सैनी किन्नर ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके बाद भाजपा के वार्ड 24 के पार्षद जितेंद्र कुमार जैन ने एसडीएम के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया। रिटर्निंग ऑफिसर की देखरेख में दोनों नामांकन पत्रों की जांच हुई और दोनों सही पाए गए। इसके साथ ही मुकाबला आमने-सामने का हो गया।

ढाई बजे शुरू हुआ मतदान

दोपहर 2.30 बजे मतदान शुरू हुआ। करीब 3 बजे कांग्रेस प्रत्याशी सहित चार अन्य पार्षदों ने एक साथ मतदान किया। इसके बाद दो निर्दलीय और कांग्रेस के अन्य पार्षदों ने भी मतदान किया। मतदान के दौरान नगरपालिका कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जमा रही। हर किसी की नजर मतगणना और परिणाम पर थी।

एक-एक वोट गिना, फिर भी नहीं निकला फैसला

मतगणना शुरू हुई तो भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के खाते में 20-20 मत निकले। एक-एक वोट के लिए चले इस मुकाबले में आखिरकार बराबरी ने नया पेंच खड़ा कर दिया। दोनों प्रत्याशियों को समान मत मिलने के बाद जीत का फैसला पर्ची से करने की नौबत आई। रिटर्निंग ऑफिसर ने दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में बच्चे से पर्ची उठवाई। पर्ची में जितेंद्र कुमार जैन का नाम आते ही मुकाबले का रुख भाजपा के पक्ष में हो गया।

पर्ची खुलते ही भाजपा समर्थकों में जश्न

परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थक उत्साह में नगरपालिका कार्यालय के बाहर पहुंच गए। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लेकर नारेबाजी की। नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा और उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार जैन का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। समर्थकों ने दोनों को कंधों पर बैठाकर जश्न मनाया। नगरपालिका कार्यालय के बाहर काफी देर तक उत्साह का माहौल बना रहा।

मतदान से पहले दो महिला पार्षदों की तबीयत बिगड़ी

चुनाव के बीच दो महिला पार्षदों की तबीयत बिगड़ने से भी हलचल रही। भाजपा की वार्ड 38 की पार्षद अंजू मीणा और वार्ड 36 की पार्षद सीता चौधरी मतदान से पहले अस्वस्थ हो गई। उन्हें तत्काल संभाला गया। कुछ देर रुकने के बाद दोनों ने मतदान किया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।