17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Tonk News: देवधाम जोधपुरिया लक्खी मेले में करंट से जयपुर के युवक की मौत, 3 महिलाएं घायल

टोंक के देवधाम जोधपुरिया में लक्खी मेले के दौरान बुधवार रात मंदिर के मुख्य द्वार की स्टील रेलिंग में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय पीयूष गुर्जर की मौत हो गई। तीन महिलाएं घायल हुईं, जबकि 17 वर्षीय बालिका को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया।
2 min read
Google source verification

टोंक

image

Arvind Rao

Sep 17, 2026

current in temple gate railing kills youth

मनीषा और बीना देवी का इलाज जारी (पत्रिका फोटो)

वनस्थली (टोंक): देवधाम जोधपुरिया में चल रहे लक्खी मेले के दौरान बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के मुख्य द्वार के पास लगी स्टील की रेलिंग में अचानक करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घायलों को उपचार के लिए निवाई के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में घायल महिलाओं में मंजू देवी (33) पत्नी पुरण गुर्जर, निवासी ढाणी नारायणपुर डूंगरी, जिला कोटपूतली और बीना देवी (34) पत्नी बद्री प्रसाद गुर्जर, निवासी अजपुरा, थाना नारायणपुर, जिला कोटपूतली शामिल हैं। दोनों का निवाई के उप जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल पहुंची महिलाओं से पुलिस और प्रशासन ने हादसे की जानकारी ली।

17 वर्षीय बालिका जयपुर रेफर

हादसे में मनीष गुर्जर (17) निवासी मानकोट, थाना थानागाजी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।

मृतक की पहचान पीयूष के रूप में हुई

हादसे में मृतक युवक की पहचान पीयूष पुत्र भंवर सिंह गुर्जर (20) निवासी तोप खाना, इंद्रा बाजार, जयपुर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस उप जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस की ओर से मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया।

भीड़ के बीच एंबुलेंस को रास्ता बनाने में मशक्कत

देवधाम जोधपुरिया में लक्खी मेले के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान भीड़ के कारण एंबुलेंस को रास्ता बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मेले में मौजूद श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने हादसे के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। रेलिंग में करंट कैसे आया और इसके पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है।