
नामांकन दाखिल करते हुए सुमित्रा जैन और नमिता बुबकिया (पत्रिका फोटो)
Pali Mayor Election 2026: पाली नगर निगम महापौर पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बुधवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन छह प्रत्याशियों ने कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं, नामांकन प्रक्रिया के दौरान आठ प्रत्याशियों को कुल 13 नामांकन पत्र वितरित किए गए थे। कांग्रेस ने दोपहर 2:27 बजे सुमित्रा जैन और बीजेपी ने 2:30 बजे नमिता बुबकिया के नाम का सिंबल जमा कराया।
नामांकन को लेकर सुबह 10 बजे से ही नगर निगम कार्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम शैलेंद्र सिंह ने बताया कि महापौर पद के निर्वाचन के लिए आठ प्रत्याशियों को 13 नामांकन पत्र वितरित किए गए थे। इनमें से छह प्रत्याशियों ने 10 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
राजबाला हिंगड़ ने कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन पत्र दाखिल किए। सुमित्रा जैन ने भी कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन पत्र जमा करवाए। पुष्पा ने दो निर्दलीय नामांकन दाखिल किए। नमिता बुबकिया ने बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक-एक नामांकन पत्र जमा करवाया। वहीं, कुसुम सोनी और रशीदा बानो ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक-एक नामांकन दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस की ओर से सुमित्रा जैन के नाम का सिंबल दोपहर 2:27 बजे जमा कराया गया। विधायक भीमराज भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण भाटी के साथ पहुंचे प्रतिनिधि ने कांग्रेस का सिंबल जमा कराया। वहीं, बीजेपी की ओर से नमिता बुबकिया का सिंबल दोपहर 2:30 बजे जमा कराया गया। इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व सांसद पुष्प जैन, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महापौर पद के नामांकन के साथ ही चुनावी तस्वीर और दिलचस्प हो गई है। 65 सदस्यीय नगर निगम में महापौर चुनने के लिए 33 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस 29 पार्षदों के साथ सबसे बड़ा दल है और बहुमत के आंकड़े से महज चार कदम दूर है। बीजेपी के पास 21 पार्षद हैं, जबकि 15 निर्दलीय पार्षदों के रुख पर अब चुनाव का गणित टिका है। नामांकन के बाद दोनों प्रमुख दलों के सामने अपने पार्षदों को एकजुट रखने के साथ निर्दलीयों को साधने की चुनौती है।
कांग्रेस ने महापौर पद के लिए सुमित्रा जैन को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस से जीतीं राजबाला हिंगड़ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। इससे पार्टी के भीतर ही मुकाबला रोचक हो गया है। दोनों प्रत्याशियों के बीच दावेदारी को लेकर कांग्रेस के पार्षदों के बंटने की आशंका बढ़ गई है।
ऐसे में खास बात यह है कि दोनों ही प्रत्याशी अपने पक्ष में कांग्रेस के 29 पार्षदों के साथ निर्दलीयों को मिलाकर 40 से 41 पार्षदों के समर्थन का दावा कर रही हैं। ऐसे में वास्तविक समर्थन किसके साथ है, यह नाम वापसी और आगे के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद और स्पष्ट होगा।
कांग्रेस को बहुमत के लिए केवल चार और पार्षदों के समर्थन की जरूरत है, लेकिन पार्टी के भीतर प्रत्याशी को लेकर सामने आए विवाद ने आसान दिख रहे गणित को उलझा दिया है। यदि कांग्रेस के कुछ पार्षद किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में जाते हैं तो आधिकारिक प्रत्याशी के लिए बहुमत जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं, कांग्रेस के भीतर संभावित बंटवारे की स्थिति में निर्दलीय पार्षदों का रुख भाजपा की ओर जाता है तो चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।
बीजेपी ने नमिता बुबकिया को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। वहीं, बीजेपी से बागी होकर जीतीं पुष्पा ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। पूर्व सभापति कुसुम सोनी और रशीदा बानो भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। बीजेपी के पास 21 पार्षद हैं। ऐसे में बहुमत के लिए उसे 12 अतिरिक्त पार्षदों के समर्थन की जरूरत होगी। 15 निर्दलीय पार्षदों की संख्या को देखते हुए उनके रुख पर चुनावी गणित काफी हद तक निर्भर करेगा।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि गुरुवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। संवीक्षा में वैध पाए जाने वाले नामांकन पत्रों के आधार पर आगे की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में शेष रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
इस दौरान विशेषाधिकारी निर्वाचन पाली चौधरी बिरजू गोपाल, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार सुनील कुमार, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, ललित कुमार दवे, महेंद्र बैरवा, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, युजवेंद्र खेमलानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
16 Sept 2026 08:00 pm
Published on:
16 Sept 2026 08:00 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
