16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाली में कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी के भाई पर हमला, स्कूटी गिराकर पीटा; फटे कपड़ों में थाने पहुंचे

पाली में कांग्रेस के महापौर सिंबल को लेकर विवाद हो गया। सुमित्रा जैन का सिंबल जमा कराने पहुंचे कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण भाटी की स्कूटी गिराकर मारपीट की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। आरोप है कि हमलावर लिफाफा लेकर भाग गए।
3 min read
Google source verification

पाली

image

Arvind Rao

Sep 16, 2026

pali mla bhimraj bhati brother attacked

कोतवाली थाने पहुंचने के बाद हाथ पर लगी चोट और फटा शर्ट दिखाते हुए (फोटो : सुरेश हेमनानी)

Pali MLA Bhimraj Bhati Brother Attacked: कांग्रेस में महापौर पद के सिंबल को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। पार्टी की ओर से प्रत्याशी सुमित्रा जैन के नाम का सिंबल जमा कराने पहुंचे कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण भाटी के साथ एक प्रत्याशी के कुछ समर्थकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावर उनके पास मौजूद प्रदेश कांग्रेस कमेटी का लिफाफा लेकर भाग गए। घटना के बाद लक्ष्मीनारायण भाटी ने कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करवाई।

कांग्रेस के सिंबल पर महापौर चुनाव लड़ने के लिए सुबह पूर्व नगर परिषद सभापति की पत्नी राजबाला हिंगड़ और प्रदेश महिला आयोग की पूर्व सदस्य सुमित्रा जैन ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद दोपहर में विधायक भाटी के भाई लक्ष्मीनारायण कांग्रेस प्रतिनिधि के साथ पार्टी का सिंबल जमा कराने नगर निगम कार्यालय पहुंचे। सिंबल जमा कराने के बाद दोनों एक बार वहां से लौट गए।

इसके बाद दोपहर 3:03 बजे लक्ष्मीनारायण भाटी व प्रतिनिधि फिर स्कूटी से निगम कार्यालय के बाहर पहुंचे। उस समय निगम का गेट बंद था और पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। परिसर में मौजूद एक प्रत्याशी के समर्थकों ने बाहर खड़े भाटी और कांग्रेस प्रतिनिधि से लिफाफा देने को कहा।

लिफाफा नहीं देने पर समर्थकों ने जबरन दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हुए। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधि वहां से चले गए। लक्ष्मीनारायण भाटी भी एक अन्य व्यक्ति के साथ स्कूटी से रवाना हुए। कुछ समर्थकों ने बाइक से उनका पीछा किया और विवेकानंद सर्किल के पास उनकी स्कूटी गिरा दी। इसके बाद उनसे मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। हमलावर उनके पास मौजूद लिफाफा लेकर फरार हो गए।

लिफाफा लेकर आरओ कक्ष में जाने पर अड़े समर्थक

घटना के कुछ ही मिनट बाद निगम में मौजूद एक प्रत्याशी के समर्थकों को बाहर से एक लिफाफा दिया गया। इसके बाद वे तत्काल रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष की ओर जाने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से निगम परिसर में मौजूद होने का हवाला देते हुए ऊपर जाने की अनुमति मांगी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसको लेकर समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच करीब आधे घंटे तक बहस होती रही। इसके बावजूद उन्हें इजाजत नहीं दी गई।

पार्टी का सिंबल जमा हो चुका था

हमारी पार्टी का सिंबल 2:40 बजे ही जमा हो चुका था। विधायक के भाई व हमारे प्रतिनिधि एक दूसरा आवेदन जमा कराने निगम कार्यालय आए थे। उन्हें प्रवेश नहीं देने पर प्रतिनिधि पाली से रवाना हो गए। वहीं भाटी स्कूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
-शिशुपाल सिंह निंबाड़ा, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस, पाली

महापौर पद की दौड़ में कांग्रेस की सुमित्रा, भाजपा की नमिता समेत 4 निर्दलीय

पाली नगर निगम चुनाव के तहत महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बुधवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन 6 प्रत्याशियों ने कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान 8 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन पत्र लिए थे। कांग्रेस ने दोपहर 2:27 बजे सुमित्रा जैन और भाजपा ने 2:30 बजे नमिता बुबकिया के नाम का सिंबल जमा कराया।

नामांकन को लेकर सुबह 10 बजे से ही नगर निगम कार्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि महापौर पद के निर्वाचन के लिए 8 प्रत्याशियों को 13 नामांकन पत्र वितरित किए थे। इनमें से 6 प्रत्याशियों ने 10 नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए हैं।

इन्होंने जमा कराए नामांकन

राजबाला हिंगड़ ने कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन पत्र दाखिल किए। सुमित्रा जैन ने कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन पत्र जमा करवाए। पुष्पा ने दो निर्दलीय नामांकन दाखिल किए। नमिता बुबकिया ने भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक-एक नामांकन पत्र जमा करवाया। वहीं कुसुम सोनी और रशीदा बानो ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक-एक नामांकन दाखिल किया।