
टोंक. नगर परिषद चुनाव के तहत प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण कृषि विस्तार भवन सभागार में हुआ। प्रशिक्षण में 148 मतदान अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी अनिता खटीक उप प्राचार्य एपीआरटीएस ने जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि प्रशिक्षण के दौरान इवीएम का बार-बार अभ्यास किया जाए। अभ्यास से ही दक्षता आती है। ताकि बूथ पर जाकर मतदान के समय कोई भी समस्या नहीं आए।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी उपेन्द्र कुमार रैना ने चुनाव में होने वाली विभिन्न समस्याओं के बारे में बताया। साथ ही सावधान रहने के लिए सचेत किया। मास्टर ट्रेनर एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी निर्मल कुमार जैन ने प्रथम मतदान अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्रि एवं पोस्ट टेस्ट की ओर से मौखिक प्रश्नों का उत्तर दिया।
मास्टर ट्रेनर विमल कुमार जैन, भंवर लाल कुम्हार तथा अशोक कुमार गुप्ता ने इवीएम की सैद्धांतिक जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर मधुसूदन शर्मा एवं बाबूलाल नायक ने इवीएम का प्रेक्टिकल प्रशिक्षण दिया। निर्वाचन कार्यालय प्रभारी बुद्धिप्रकाश शर्मा ने काउंटर वाइज मतदान सामग्री प्राप्त करना एवं जमा के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सुरेशचंद्र शर्मा तहसीलदार, प्रहलाद सिंह, प्रवीण चौधरी, रामावतार स्वामी, लक्ष्मीनारायण रैगर, दिगम्बर अटल, मनीष गुर्जर आदि उपस्थित थे।
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष हो चुनाव- नवनीत
टोंक. नगर परिषद आम चुनाव - 2019 रिटर्निंग अधिकारी नवनीत कुमार ने अधिकारियों व पुलिस की बैठक ली। इसमें कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में शांतिपूर्ण निष्पक्ष,भयमुक्त एवं स्वतन्त्र ढंग से चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के लिए 3 एरिया मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए 117 मतदान केन्द्रों में से 77 मतदान केन्द्र क्रिटीकल एवं 48 मतदान केन्द्र लोकेशन पर हैं। चुनाव में लगे अधिकारियों एवं पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 22 सेक्टर मोबाइल पार्टियां बनाई गई है।
नगर परिषद क्षेत्र के जिन इलाकों में चौपहिया वाहन नहीं जा सकते हैं, वहां 10 बाइक मोबाइल पार्टी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पर्याप्त पुलिस जाप्ता मौजूद है। बैठक में एडीएम सुखराम खोखर, पुलिस उपाधीक्षक सौरभ तिवाडी, एसडीएम टोंक डॉ.लक्ष्मी नारायण, सीआई विजय शंकर आदि मौजूद थे।
मतदान के दिन होगा अवकाश
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) के.के.शर्मा ने प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगर परिषद क्षेत्र टोंक में नगर परिषद चुनाव- 2019 के तहत 16 नवम्बर को मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाष घोषित किया है।