
टोडारायसिंह. सामुदायिक चिकित्सालय में इलाज कराने परिचित के साथ आए एक युवक ने महिला चिकित्सक व अन्य नर्सिंग स्टाप से अभद्रता करते हुए उत्पात मचाया। आए दिन चिकित्सालय में होने वाली इस प्रकार की घटनाओं को लेकर शनिवार को नर्सिंग स्टाप ने थाना प्रभारी से कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
नर्सिंग ने बताया कि शुक्रवार देर रात शंकर नामक एक जना परिचित के बच्चे का इलाज कराने हास्पिटल में आया। जहां नर्सेज ने प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यक जांच कार्रवाई के लिए टोंक रैफर कर दिया। इस पर उक्त व्यक्ति ने हंगामा शुरू कर दिया।
इधर, लैबर रूम में कार्य कर रही डॉ. अर्चना सिंह व जीएनएम अमृता बाकलीवाल ने उसे समझाने का प्रयास किया तो अभद्रता करने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा करने लगा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक उक्त व्यक्ति परिचित के साथ चिकित्सालय से फरार हो गया।
नर्सेज भंवरलाल चौधरी, पवन पाण्डे, लक्ष्मण सैनी, भागचंद पहाडिय़ा, सुरेन्द्र टाक, मोना चौधरी, गजेन्द्र सिंह, परवीण बानो, मधुबाला समेत अन्य नर्सिंग कार्मिको ने हास्पिटल में रात्रि में आए दिन शराब के नशे में लोग, नर्सिंग स्टाप के साथ अभद्रता करने की घटनाए करते रहते हैं। इससे कार्मिकों में नाराजगी है। उन्होंने चिकित्सालय में रात्रि गश्त करने समेत आवश्यक कार्रवाई की मांग की।