
Gaurav Khanna Akanksha Chamola divorce reason: टीवी इंडस्ट्री के परफेक्ट कपल्स में से एक गौरव खन्ना (Gaurav Khanna) और आकांक्षा चमोला (Akanksha Chamola) के तलाक की खबर ने इन दिनों सोशल मीडिया पर हर किसी को हैरान कर रखा है। नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप' सीज़न 2 (Lock Upp Season 2) के प्रीमियर पर जब आकांक्षा ने अपने अलग होने की बात कही थी, तब फैंस को यकीन नहीं हो रहा था। लेकिन अब शो के तीसरे एपिसोड में आकांक्षा ने को-कंटेस्टेंट श्रेया कालरा और सूफी मोतीवाला के सामने इस रिश्ते के टूटने की जो असली और मुख्य वजह बताई है, उसे सुनकर फैंस भी हैरान हो रहे हैं।
अकांक्षा ने बताया कि उनके और गौरव के तलाक के पीछे कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं, बल्कि लाइफ को जीने का एक बिल्कुल अलग नजरिया है, जिसे आकांक्षा ने बेहद सादगी और बेबाकी से दुनिया के सामने रखा है।
आकांक्षा ने अपनी पर्सनल लाइफ का सबसे बड़ा राज खोलते हुए बताया कि उनके अलग होने की मुख्य वजह 'बच्चे न पैदा करने का फैसला' (Childfree Decision) है। आकांक्षा ने कहा, "जब हम शादी के रिश्ते में थे, तब मेरे अंदर कभी भी मां बनने वाली फीलिंग (मातृत्व की भावना) नहीं थी। मैंने कभी इस बात को छुपाया नहीं और धीरे-धीरे मुझे अहसास हो गया कि मैं इस चीज के लिए बनी ही नहीं हूँ। शुरुआत में गौरव को भी इस बात से कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन मुझे लगता है कि समय के साथ उनकी यह सोच बदल गई।"
आकांक्षा ने आगे खुलकर बात करते हुए कहा, "आज के समय में गौरव बच्चे चाहता है और मैं उसे वो खुशी नहीं दे सकती। ईमानदारी से कहें तो दुनिया में 99% लोग शादी ही इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें बच्चे चाहिए होते हैं और परिवार को आगे बढ़ाना होता है। जब मुझे अपनी इस भावना का अहसास हुआ, तो मैंने गौरव से साफ कह दिया था कि अगर तुम इस वजह से मुझे छोड़ना चाहते हो, तो बेझिझक छोड़ सकते हो। मैं उसे ऐसी स्थिति में नहीं रखना चाहती जहां वह घुट-घुट कर जिए।" आकांक्षा ने यह भी साफ कर दिया कि वह बच्चा गोद (Adopt) भी नहीं लेना चाहतीं और जिंदगीभर संतानहीन (Childfree) रहना चाहती हैं।
बता दें, आकांक्षा और गौरव की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी, जिसके बाद साल 2016 में दोनों ने कानपुर में धूमधाम से शादी की थी। पिछले साल 'बिग बॉस 19' के फिनाले वीक के दौरान जब मीडिया ने गौरव पर इस मुद्दे को लेकर सहानुभूति बटोरने का आरोप लगाया था, तो गौरव काफी भावुक हो गए थे। गौरव ने तब अपनी पत्नी का बचाव करते हुए कहा था कि उन्हें बच्चे बहुत पसंद हैं और वह पिता बनना चाहते थे, लेकिन वह अपनी पत्नी के फैसले का सम्मान करते हैं। फिलहाल गौरव खन्ना 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शूटिंग में बिजी हैं और उन्होंने इस पर कोई नया रिएक्शन नहीं दिया है।