Sunil Lahri News: रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण बने सुनील लहरी ने देश के हालातों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन्होंने जो कहा वह सीधे उन्हीं पर प्रहार कहा जा रहा है। वीडियो जैसे ही आया सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
Sunil Lahri On Middle East crisis: रामानंद सागर की 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरीअपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उन्होंने नीतेश तिवारी की रामायण पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि रणबीर कपूर जो राम बने हैं उसमे मासूमियत की कमी लगी है। जिसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मचा था। अब इसी बीच उन्होंने मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में गहराते युद्ध के संकट और अमेरिका-ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव पर अपना बड़ा बयान दिया है और गहरी चिंता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सुनील लहरी ने बिना किसी का नाम लिए दुनिया के बड़े नेताओं और उनके 'अहंकार' पर जमकर हमला बोला है।
सुनील लहरी ने अपने वीडियो में किसी देश या राजनेता का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनके शब्दों का तीर सीधा सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों की तरफ था। उन्होंने कहा, "किसी एक व्यक्ति का ईगो (अहंकार) पूरी मानवता को मुसीबत में डाल सकता है। एक इंसान के गलत फैसले की वजह से आज पूरी दुनिया संकट के मुहाने पर खड़ी है।" जानकारों का मानना है कि सुनील का इशारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और युद्ध को हवा देने वाले अन्य नेताओं के फैसलों की तरफ था। उन्होंने जोर देकर कहा कि नेतृत्व करने वालों में अहंकार नहीं होना चाहिए, क्योंकि उनके गलत फैसलों की कीमत बेगुनाह जनता को चुकानी पड़ती है।
युद्ध की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए सुनील लहरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब हालात 'न निगलते बन रहे हैं और न उगलते'। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आज स्थिति 'धोबी का कुत्ता, न घर का न घाट का' जैसी हो गई है। अगर वह देश युद्ध से कदम पीछे खींचता है, तो उसे भारी आर्थिक नुकसान और अपमानजनक समझौतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, अगर वह युद्ध जारी रखता है, तब भी हर रोज करोड़ों डॉलर पानी की तरह बह रहे हैं। उन्होंने नसीहत दी कि कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले सौ बार नहीं, बल्कि हजार बार सोचना चाहिए।
वीडियो के आखिर में 'लक्ष्मण' भावुक नजर आए। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दुनिया के नेताओं को सदबुद्धि मिले और जल्द ही शांति की बहाली हो। उन्होंने अपने फैंस और आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा, "हालात बहुत नाजुक हैं, कुछ भी हो सकता है। आप लोग सुरक्षित रहिए और अपना ख्याल रखिए।"