
उदयपुर. गींगला पसं. वैसे तो गांव- गांव इन दिनों गणेशोत्सव की धूम है लेकिन इसी दरम्यान युवा अगर कुछ ठान ले और संकल्प के साथ कर दिखाए तो आयोजन में चार चांद लग सकते हैं और वह यादगार बन जाता है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया उदयपुर जिले के मेवल क्षेत्र के करावली के गणपति नवयुवक मंडल के युवाओं ने। राजस्थान पत्रिका के हरियालो राजस्थान अभियान से प्रेरित होकर इन युवाओं ने क्षेत्र को हरा भरा करने का लक्ष्य लेएक ही दिन में विभिन्न जगहों पर 300 से अधिक पौधे रोपे। पटेल चौक गणपति स्थल से सभी कार्यकर्ता हाथों में कुदाली, फावड़े और एक गाड़ी में केवड़ा नर्सरी से लाये पौधे लेकर सबसे पहले करावली पीएचसी पहुंचे जहां पौधरोपण किया। उसके बाद रोड़देश्वर महादेव मंदिर की बंजर पड़ी जमीन, गामेवीड़ा और राउमावि परिसर में विभिन्न किस्मों के पौधे रोपे। इस दौरान युवाओं में जबरदस्त जोश देखा गया। युवा पेड़ लगाओ, एक हजार, तपती धरती कर रही है पुकार, पेड़ लगाओं एक हजार नारे के साथ रिमझिम के बीच पौधरोपण किया। करीब 150 से अधिक कार्यकर्ताओं ने इस मुहिम में भागीदार बने। जिनमें से 100 युवा मुंबई से यहां पहुंचे। बाद में सभी ने इनकी सुरक्षा और बढ़वार का संकल्प भी लिया। ग्रामीणों और अन्य राहगीरों ने भी युवाओं की इस पहल की सराहना की।