उदयपुर

उदयपुर-चितौड़गढ़ हाईवे पर भीषण हादसा: पिता-बेटी की मौके पर हुई मौत, मां गंभीर घायल

Udaipur Accident: हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। डबोक पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
less than 1 minute read
Nov 29, 2025
Udaipur accident death
उदयपुर-चितौड़गढ़ हाईवे पर सड़क हादसा (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। डबोक थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पिता और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दुर्घटना उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर एयरपोर्ट के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, डबोक क्षेत्र के भोपा-मगरी निवासी 46 वर्षीय देवीलाल वसीटा अपनी पत्नी कला वसीटा और 11 वर्षीय बेटी देवासी वसीटा के साथ बाइक से भटेवर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की। संतुलन बिगड़ने पर ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवीलाल और उनकी बेटी ट्रेलर के नीचे आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल एमबी हॉस्पिटल में भर्ती

बाइक पर पीछे बैठी कला वसीटा सड़क के दूसरी तरफ गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और आसपास के होटल कर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उन्हें एमबी हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ट्रेलर चालक फरार

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। डबोक पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम भी लग गया था, जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर ड्राइवर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

Updated on:
29 Nov 2025 03:47 pm
Published on:
29 Nov 2025 03:47 pm