उदयपुर

Amit Shah In Udaipur : अमित शाह बोलेेे, भाजपा वर्ष-2019 का चुनाव साइबर योद्धाओं के कारण जीतेगी..

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Sep 18, 2018
amit shah in udaipur
भाजपा वर्ष-2019 का चुनाव साइबर योद्धाओं के कारण जीतेगी : अमित शाह

धीरेंद्र जोशी/उदयपुर. भाजपा वर्ष-2019 का चुनाव साइबर योद्धाओं के कारण जीतेगी। इसके लिए आई-टी कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ इंटर करंट के माध्यम से पार्टी हित में कार्य करने होंगे।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने टाउन हॉल स्थित मोहनलाल सुखाडि़या रंगमंच में भाजपा के आई-टी कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शाम करीब 7.15 बजे पहुंचे। उन्होंने आते ही कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकारा और दीप प्रज्वलन किया। अमित शाह इस कार्यक्रम से रात 8.19 बजे रवाना हुए। इस आयोजन में वे एक घंटा चार मिनट तक रूके। उन्होंने भाजपा के आई-टी कार्यकर्ताओं को साइबर योद्धा बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से आगामी 2019 का चुनाव भाजपा पुन: जीतेगी। उन्होंने कहा कि इंटर करेंट के माध्यम से पार्टी हित में कार्य करना है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि राहुल बाबा के कजाकिस्तान, तुर्किस्तान के फॉलोअर ज्यादा है।
मोबाइल बंद करवाए
शाह ने अपने भाषण की शुरुआत करने से पूर्व सभी कार्यकर्ताओं के मोबाइल बंद करवाए। इसके बावजूद कई कार्यकर्ताओं ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग जारी रखी तो वे नाराज भी हुए।
नौ बार गेट बंद करने के लिए
भाषण के दौरान देर से आने वाले कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों के लिए सभगार के गेट बार-बार खोले गए। इस पर शाह ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और गाड्र्स को नौ बार गेट बंद करने के लिए कहा।
नारेबाजी ने की युवा मोर्चा की किरकिरी
शाह के सभागार में पहुंचने के साथ ही युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने युवा मोर्चा जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए। दीप प्रज्वलन के दौरान लगातार लग रहे नारों के बीच गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने माइक संभाला और कार्यकर्ताओं को भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाने के निर्देश दिए। लेकिन आयोजन में बीच में कार्यकर्ता पुन: युवा मोर्चा जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इससे मंचासीन प्रतिनिधियों के सामने उनकी किरकिरी हुई।
अध्यक्ष को परनामी की कुर्सी की चिंता
शाह के भाषण के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सभागार में पहुंचे। इधर मंच पर कुर्सी उपलब्ध नहीं होने पर शाह ने कहा कि परनामीजी के लिए कुर्सी लाओ। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में चर्चाएं भी चली।
ये रहे मौजूद
मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी, यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी, आई-टी के राष्ट्रीय संयोजक, प्रदेश संयोजक अविनाश, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट आदि मौजूद थे।
इन संगठनों का सहयोग
कार्यक्रम भाजपा आई-टी, युवा मोर्चा आई-टी, नमोएप कार्यकर्ता, फेसबुक, ट्वीटर हैंडल कार्यकर्ता, महिला मोर्चा आई-टी कार्यकर्ता, सोशियल मीडिया कार्यकर्ताओं के सांझे में हुआ।
इन्होंने संभाली व्यवस्था
आईटी के संभागीय संयोजक तुषार अग्रवाल, जिला संयोजक यशवंत मंडावरा, नमो एप प्रदेश सहसंयोजक अजय विजयवर्गीय, नमो एप संभागीय संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
झलकियां...
- शाह के भाषण के दौरान मंच के पीछे खड़े कार्यकर्ताओं को शाह ने सभागार में बैठने के लिए कहा
- आयोजन से कुछ समय पूर्व ही कार्यक्रम में भाग लेने वालों के अधिकांश रजिस्टे्रशन हुए।
- शाह के भाषण पर कार्यकर्ताओं ने 23 बार बजाई तालियां।
- शाह के भाषण के दौरान पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी।

Updated on:
18 Sept 2018 11:18 pm
Published on:
18 Sept 2018 11:18 pm