उदयपुर

ये आंकड़े चौंका देंगे आपको, 14 फीसदी किशोर नहीं पहचान पाए हमारे भारत के नक्शे को

एन्युअल स्टेटस ऑफ एजुकेशन रिपोर्ट (असर) में खुलासा... बियॉन्ड बेसिक्स के तहत देश के 24 राज्यों के 26 जिलों का सर्वे किया गया।
2 min read
Jan 18, 2018
education survey

उदयपुर . 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 14 प्रतिशत किशोर भारत के नक्शे तक को पहचान नहीं पाए, वहीं 36 प्रतिशत को देश की राजधानी के बारे में जानकारी नहीं है। 21 प्रतिशत को यह पता नहीं कि वे किस प्रदेश में रहते हैं, वहीं 58 प्रतिशत किशोर देश के नक्शे में अपने प्रदेश की स्थिति नहीं बता पाए।
यह कड़वा सच सामने आए बारहवीं एन्युअल स्टेटस ऑफ एजुकेशन रिपोर्ट (असर)-2017 में। बियॉन्ड बेसिक्स के तहत देश के 24 राज्यों के 26 जिलों का सर्वे किया गया। इसमें 14 से 18 वर्ष तक के किशोर वर्ग की पढऩे और गणित की बुनियादी क्षमताओं के बारे में सवाल किए गए। इस सर्वे रिपोर्ट का लोकार्पण 16 जनवरी को नई दिल्ली में हुआ। इसका विमोचन विद्याभवन सोसायटी की छात्राओं मंजू गायरी और भावना सुथार ने किया। भारत की जनगणना 2011 के अनुसार वर्तमान में प्रत्येक 10 भारतीय में से एक 14 से 18 आयु वर्ग का है अर्थात इस आयु वर्ग के किशोरों की संख्या दस करोड़ है। इसको ध्यान में रखते हुए सर्वे 14 से 18 आयु वर्ग के किशोरों पर केन्द्रित रहा।


ये सवाल भी नहीं बता पाए
सर्वे में किशोरों से 2000, 500, 50 और 20 रुपए के नोट की गणना संबंधी सवाल पूछे गए तो 24 प्रतिशत इसका सही जवाब नहीं दे पाए। 40 प्रतिशत घड़ी देखकर समय नहीं बता पाए। इसी प्रकार विभिन्न बाटों का योग कर भार के बारे में 44 प्रतिशत जवाब नहीं दे पाए। साथ ही 62 प्रतिशत सामान खरीद में छूट की गणना नहीं कर पाए।


उदयपुर में भी सर्वे
उदयपुर जिले में भी विद्याभवन संस्था के सहयोग से सर्वेक्षण किया गया। इसके तहत जिले के 60 गांवों के 960 घरों में 1071 किशोरों से सवाल पूछे गए। इसी प्रकार देश के 1,641 गांवों के 25,726 घरों के 30,532 युवाओं से सवाल किए गए।

सर्वे एक नजर में
-24 राज्य सर्वे में शामिल
-26 जिलों में किया गया सर्वे
-14-18 वर्ष तक के किशोरों से किए सवाल-जवाब
-30,532 किशोर हुए इसमें शुमार
- 60 प्रतिशत चाहते हैं आगे पढऩा
- 40 प्रतिशत का कोई आदर्श तय नहीं

Published on:
18 Jan 2018 02:51 pm