झाड़ोल (उदयपुर). जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र के बारी गांव के रणघाटी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने तलवारों और चाकू से जानलेवा हमला कर पुलिसकर्मियों को लहूलुहान कर दिया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी घेराबंदी कर दो हमलावरों को गिरफ्तार किया, जबकि एक […]
झाड़ोल (उदयपुर). जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र के बारी गांव के रणघाटी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने तलवारों और चाकू से जानलेवा हमला कर पुलिसकर्मियों को लहूलुहान कर दिया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी घेराबंदी कर दो हमलावरों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गया।घटनाक्रम के अनुसार रात करीब 11 बजे कैलाश मीणा बहन के साथ बाइक से पालियाखेड़ा जा रहा था तभी रणघाटी के सुनसान मोड़ पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी। कैलाश ने सूझबूझ दिखाते हुए पास के एक मकान में छिप गया और वहां से उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। जैसे ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को पकड़ने के लिए जंगल के कच्चे रास्ते में उतरी तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के सिर और हाथों को निशाना बनाकर चाकू और तलवारों से हमला किया।
हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया। हेड कांस्टेबल गिरधारीलाल के हाथ पर तलवार का गहरा वार लगा, जबकि कांस्टेबल पप्पू कुमार के घुटने और हथेली पर चाकू से कई वार किए गए। वाहन चालक दिनेश कुमार की आंख के ठीक नीचे और कोहनी और घुटने पर चोटें आई।खून से लथपथ होने के बावजूद जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और जवाबी घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से पालावाड़ा निवासी नारायण डामोर एवं मोहन डामोर को गिरफ्तार किया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर इनका तीसरा साथी सलदरी निवासी सुनील घने जंगलों में ओझल हो गया। पुलिस की पांच टीमें अब जंगलों में फरार बदमाश की तलाश कर रही है।बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि हेड कांस्टेबल ने हमलावरों के खिलाफ राजकार्य में बाधा और लूट के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। थानाधिकारी ने कहा कि बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे वे भविष्य में पुलिस पर हमला करने का दुस्साहस न कर सके।