17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘बेटा चाहिए तो देने होंगे गहने’: उदयपुर में इंस्टाग्राम पर फेक एस्ट्रोलॉजर का विज्ञापन देख महिला ने गंवाया 15 तोला सोना

उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में एक महिला इंस्टाग्राम पर ज्योतिषी के विज्ञापन से झांसे में आ गई। उसने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया। समाधान की उम्मीद में ठगा गई। आरोपी ने उससे 15 तोला सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठग लिए।
2 min read
Google source verification
fake astrologer promises baby boy

फेक एस्ट्रोलॉजर का विज्ञापन देख महिला ने गंवाया 15 तोला सोना (फोटो-एआई)

Udaipur News: उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर ज्योतिषीय समाधान का विज्ञापन देखकर एक महिला ठगी का शिकार हो गई। बेटे की चाह में महिला ने इंस्टाग्राम पर दिखे एक कथित ज्योतिषी से संपर्क किया। आरोपी ने ज्योतिषीय उपाय के जरिए समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पूजा और समाधान के नाम पर महिला से 15 तोला सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ले लिए। कुछ समय बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया, तब महिला को ठगी का पता चला। पीड़िता ने सवीना थाने में मामला दर्ज कराया है।

3 महीने पहले इंस्टाग्राम पर देखा विज्ञापन, 6 साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, रामसिंहजी की बाड़ी सेक्टर-11 निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि करीब तीन महीने पहले उसने इंस्टाग्राम पर ‘एस्ट्रोलॉजी सांई कृष्णा’ नाम से एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर उसने संपर्क किया। महिला ने कथित ज्योतिषी को बताया कि उसकी शादी को करीब छह साल हो चुके हैं और उसकी एक बेटी है। वह बेटे की चाह रखती है।

ज्योतिषीय उपाय के जरिए समाधान का दिया था भरोसा

आरोपी ने महिला को ज्योतिषीय उपाय के जरिए बेटा होने से जुड़ी समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया। इसके लिए शुरुआत में फीस के तौर पर 9 हजार रुपए ऑनलाइन पेमेंट करवाए। इसके बाद आरोपी ने महिला को यह बात किसी अन्य व्यक्ति को नहीं बताने के लिए कहा। उसने डराया कि यदि उसने किसी को समाधान के बारे में बताया तो पूजा और उपाय का असर नहीं होगा।

समस्या का जल्द समाधान होने का देता रहा भरोसा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसके बाद पूजा के लिए सोने के जेवर की मांग की। जुलाई में वह उदयपुर आया और महिला के घर पहुंचा। यहां उसने करीब 6 तोला वजनी सोने की दो चेन और दो पेंडल सेट ले लिए। जेवर लेने के बाद भी वह महिला से फोन पर संपर्क करता रहा और जल्द समाधान होने का भरोसा देता रहा।

कुछ समय बाद आरोपी ने महिला से फिर और सोने के जेवर मांगे। महिला उसकी बातों में आ गई और करीब 7 तोला वजनी सोने की दो चूड़ियां और दो कड़े भी आरोपी को दे दिए। इस तरह आरोपी महिला से कुल करीब 15 तोला सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ले गया।

जेवर लेने के कुछ समय बाद नहीं कर रहा था कॉल रिसीव

जेवर लेने के बाद आरोपी कुछ समय तक फोन पर महिला से बात करता रहा, लेकिन बाद में उसने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। बार-बार संपर्क करने के बावजूद जब आरोपी से बात नहीं हुई तो महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने सवीना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के मोबाइल नंबर व अन्य जानकारी के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।

बड़ी खबरें

View All

उदयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग