15 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bikaner: ट्रक में भरा था भूसा, लेकिन अंदर का नजारा देख उड़ गए आबकारी टीम के होश; 65 लाख की अवैध शराब जब्त

बीकानेर के सेजड़ासर सरहद में आबकारी विभाग ने भारतमाला रोड पर ट्रक से पंजाब निर्मित 732 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। शराब की कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है। चालक जयराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया। शराब भूसे के नीचे छिपाई थी।
2 min read
Google source verification
bikaner illegal liquor

पुलिस गिरफ्त में ट्रक चालक जयराम विश्नोई (पत्रिका फोटो)

बीकानेर: बीकानेर जिले से होकर गुजरने वाले भारतमाला रोड पर सेजड़ासर सरहद में आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर एक ट्रक की तलाशी ली। इसमें पशु आहार और लकड़ी के भूसे के कट्टों के नीचे छिपाकर रखी पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम ने ट्रक से 732 कार्टन शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक जयराम विश्नोई निवासी जालौर को गिरफ्तार किया है।

जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी ने बताया कि विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत लूणकरणसर आबकारी थाना टीम को अवैध शराब की खेप आने की सूचना मिली थी। इस पर भारतमाला रोड पर सेजड़ासर सरहद में नाकाबंदी की गई। ट्रक संख्या आरजे-02-जीडब्ल्यू-4815 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर से पशु आहार और लकड़ी का भूसा रखा हुआ था। इनके नीचे शराब के कार्टन छिपाए गए थे।

रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन के 732 कार्टन

तलाशी में पंजाब निर्मित रॉयल चैलेंज ब्रांड के 227 कार्टन, पव्वों के 380 कार्टन और ऑल सीजन ब्रांड के 125 कार्टन मिले। आबकारी टीम ने कुल 732 कार्टन जब्त किए। मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा, उपायुक्त ईपीएफ पोमाराम रोहिण और जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के पर्यवेक्षण में हुई। सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने कार्रवाई की। डीईओ पाली मनोज बिस्सा और सिपाही मनोज से मिली सूचना भी कार्रवाई में अहम रही।

प्रदेश में 19,220 लीटर वॉश नष्ट

आबकारी विभाग के विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 14 सितंबर को प्रदेशभर में 87 अभियोग दर्ज किए गए। इस दौरान 340 लीटर देशी मदिरा, 72 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 116 लीटर बीयर और 498 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। साथ ही 19,220 लीटर वॉश नष्ट किया गया और 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, अनूपगढ़, झालावाड़, जोधपुर, सिरोही, बांसवाड़ा और बूंदी समेत कई जिलों में दबिश, नाकाबंदी और गश्त की कार्रवाई की गई। बांसवाड़ा में 3,100 लीटर उत्तेजित वॉश और दो भट्टियां, जबकि झालावाड़ में 2,200 लीटर वॉश नष्ट किया गया। विभाग ने प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।